

खरोरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
खरोरा मोहरेंगा, 21 मार्च 2026
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर “वन और अर्थव्यवस्थाएं” विषय पर नेचर सफारी मोहरेंगा (खौलीडबरी) में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वन संरक्षण, पर्यावरण संतुलन एवं अर्थव्यवस्था में वनों की भूमिका को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान से सम्मानित किया गया।
पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी-अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, खरोरा के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान पर किरण यादव, द्वितीय स्थान पर कृतिका टंडन तथा तृतीय स्थान पर खुशी वर्मा ने सफलता प्राप्त की।
विजेता विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप के करकमलों से पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्री कश्यप ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने तथा वनों के महत्व को समझने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा, किरण सिंह देव, गणेश शंकर मिश्रा, नवीन अग्रवाल, टिकेश्वर मनहरे, बेदराम मनहरे, नरेंद्र सिंह ठाकुर, सुमित सेन, स्वाति वर्मा एवं सोना वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके साथ ही विभागीय अधिकारी, शिक्षकगण वरिष्ठ व्याख्याता शाहिना परवीन, सेवानिवृत्त व्याख्याता डोमार सिंह यादव, जगदेव सिंह बंजारे, योगेंद्र त्रिपाठी, मोहरेंगा हाई स्कूल, प्राचार्य अरविंद केरकेट्टा, प्रफुल्ल, एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। यह आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं वनों के महत्व को समझाने की दिशा में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।
khojkhbarchhattisgarh hindi news