विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और प्रतिभा निखारने के लिए कर रहे हैं निरंतर प्रयास

खरोरा/रायपुर। शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले खरोरा निवासी श्री कृष्ण मानिकपुरी को रायपुर के शहीद स्मारक भवन में आयोजित ‘पारस संगम 2026 एक्सीलेंस अवॉर्ड’ समारोह में सम्मानित किया गया। उन्हें विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों के लिए श्रीफल, शॉल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया।
श्री कृष्ण मानिकपुरी लंबे समय से आरंग ब्लॉक के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। वे विद्यार्थियों को प्रेरणादायक भाषण देने के साथ-साथ गायन, नृत्य, रंगोली, मेहंदी, पेंटिंग एवं क्रिकेट का प्रशिक्षण भी प्रदान कर रहे हैं। उनका उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को सामने लाना और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं खेल गतिविधियों में भी आगे बढ़ने का अवसर देना है।
वे विद्यार्थियों को केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने, माता-पिता का सम्मान करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सीख भी देते हैं। इसके साथ ही वे विद्यार्थियों को मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से दूरी बनाकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने तथा मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
श्री कृष्ण मानिकपुरी की यह पहल विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने, उनकी प्रतिभा को निखारने और उनके व्यक्तित्व विकास में सहयोग देने की दिशा में महत्वपूर्ण है। निःशुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन के माध्यम से वे विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
‘पारस संगम 2026 एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित होना उनके शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान को मिली एक महत्वपूर्ण पहचान है। उनका प्रयास इस बात का उदाहरण है कि समर्पण, सकारात्मक सोच और सेवा भावना के माध्यम से विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में सार्थक पहल की जा सकती है।
खोज खबर छत्तीसगढ़ न्यूज कलम से आयेगी क्रांति

khojkhbarchhattisgarh hindi news