
तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
तिल्दा-नेवरा। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत “मोर जमीन-मोर मकान” योजना के तहत तिल्दा-नेवरा नगर पालिका क्षेत्र के सभी 22 वार्डों के 108 हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र एवं स्वीकृत नक्शा प्रदान किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा, सीएमओ अमिताभ शर्मा एवं पार्षदों द्वारा हितग्राहियों को प्रमाण पत्र सौंपे गए। प्रमाण पत्र मिलते ही लंबे समय से अपने पक्के मकान का इंतजार कर रहे हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र मिलने के बाद अब हितग्राही अपने स्वीकृत आवास का निर्माण कार्य विधिवत रूप से शुरू कर सकेंगे। लंबे समय से मकान निर्माण की अनुमति का इंतजार कर रहे परिवारों के लिए यह पल काफी महत्वपूर्ण रहा। हितग्राहियों ने कहा कि अब उनके पक्के और खुद के घर का सपना साकार होने की दिशा में एक बड़ा कदम पूरा हो गया है।

हितग्राहियों के खातों में जाएगी 2 लाख 82 हजार 850 रुपए की राशि
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा ने हितग्राहियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंच रहा है। इसी कड़ी में नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा भी विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रति हितग्राही कुल 2 लाख 82 हजार 850 रुपए की राशि उनके खातों में जाएगी। इसमें से 32,850 रुपए गृह प्रवेश के बाद होने वाले खर्च के लिए निर्धारित किए गए हैं।
अध्यक्ष ने हितग्राहियों को सावधान करते हुए कहा कि कुछ ठेकेदारों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान निर्माण का कार्य अधूरा छोड़ने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने हितग्राहियों से ऐसे ठेकेदारों से सावधान रहने और निर्माण कार्य की पूरी जानकारी के बाद ही किसी को जिम्मेदारी देने की अपील की।

गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर सीएमओ ने दिया जोर
नगर पालिका सीएमओ अमिताभ शर्मा ने हितग्राहियों से कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले मकानों का निर्माण गुणवत्ता के अनुरूप कराया जाए। उन्होंने बताया कि कुछ ठेकेदारों के खिलाफ हितग्राहियों से राशि लेने के बाद मकान अधूरा छोड़कर चले जाने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। ऐसे मामलों में भविष्य में रिकवरी के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने हितग्राहियों से अपील की कि वे निर्माण कार्य की निगरानी स्वयं करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नगर पालिका प्रशासन को तत्काल जानकारी दें।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में 22 वार्डों के हितग्राहियों के अलावा नगर पालिका सभापति ईश्वर यदु, सतीश निषाद, पार्षद गोविंद उर्फ बब्बन लालवानी, अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. खुमान वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि प्रेम कोसले, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।
भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र मिलने के बाद 108 परिवारों के लिए अब अपने सपनों का पक्का घर बनाने का रास्ता साफ हो गया है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news