बी.एन.बी. ग्राउंड में प्रदेशभर के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, नगर को मिलेगी खेल के क्षेत्र में नई पहचान

तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
तिल्दा-नेवरा। नगर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 13 एवं 14 अक्टूबर 2026 को राज्य स्तरीय वॉलीबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के तत्वावधान में आयोजित यह दो दिवसीय प्रतियोगिता तिल्दा-नेवरा के बी.एन.बी. ग्राउंड में संपन्न होगी। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के महाविद्यालयों के 12 सेक्टरों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मंत्री टंकराम वर्मा के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ 13 अक्टूबर को होगा, जबकि 14 अक्टूबर को समापन किया जाएगा। इस आयोजन से नगर में खेल का माहौल बनेगा और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलेगा।
रानी सौरभ जैन ने बताया नगर के लिए गौरव का अवसर
वार्ड क्रमांक 21, मिशन वार्ड की पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा तिल्दा-नेवरा शहर मंडल की अध्यक्ष रानी सौरभ जैन ने राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता को नगर के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि तिल्दा-नेवरा में प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन होना हम सभी के लिए गर्व की बात है। इस तरह के आयोजन युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और नगर को प्रदेश के खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करता है। ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित करते हैं।
नगरवासियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील
रानी सौरभ जैन ने नगर के समस्त नागरिकों, युवाओं, खेलप्रेमियों एवं गणमान्यजनों से अपील की है कि वे 13 एवं 14 अक्टूबर को बी.एन.बी. ग्राउंड पहुंचकर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि तिल्दा-नेवरा के गौरव, पहचान और खेल भावना का उत्सव है। नगरवासियों की अधिकाधिक सहभागिता से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
उन्होंने सभी नागरिकों से एकजुट होकर अतिथि-सत्कार की परंपरा निभाने और इस राज्य स्तरीय आयोजन को यादगार बनाने का आह्वान किया।
खेलेंगे खिलाड़ी, गूंजेगा तिल्दा-नेवरा — राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता से बढ़ेगा नगर का गौरव!
khojkhbarchhattisgarh hindi news