Breaking News

दुर्घटना में मृत कर्मचारी के परिवार को 29 लाख रुपये मुआवजा, एक सदस्य को नौकरी-पेंशन देने पर सहमति

Khojkhbarchhattisgarh.com

बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी पर भी बनी सहमति, जनप्रतिनिधियों की पहल से पीड़ित परिवार को मिली राहत

तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता

तिल्दा-नेवरा। कंपनी में कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में ग्राम निनवा निवासी संतोष कुमार यादव की मृत्यु के बाद उनके परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए जनप्रतिनिधियों ने पहल की। रामा मेटलिक लिमिटेड प्रबंधन के साथ हुई चर्चा के बाद मृतक के परिवार को 29 लाख रुपये मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को उसकी योग्यता के अनुसार कंपनी में नौकरी तथा पेंशन की व्यवस्था करने पर सहमति बनी है। इसके अलावा मृतक के छोटे बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठेकेदारी के अंतर्गत कार्यरत संतोष  यादव की कंपनी में काम करने के दौरान हुई दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई। ऐसी स्थिति में पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, रोजगार और अन्य आवश्यक सुविधाएं दिलाने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों ने रामा मेटलिक लिमिटेड प्रबंधन के समक्ष परिवार का पक्ष रखा।

इस दौरान मृतक के परिजनों की उपस्थिति में परिवार की आर्थिक सुरक्षा, रोजगार, पेंशन और बच्चों की शिक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। चर्चा के बाद कंपनी प्रबंधन, पीड़ित परिवार और जनप्रतिनिधियों के बीच विभिन्न मांगों को लेकर सहमति बनी।

समझौते के अनुसार, मृतक के परिवार को 29 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही परिवार के एक सदस्य को उसकी योग्यता के अनुरूप कंपनी में रोजगार उपलब्ध कराने और पेंशन की व्यवस्था करने पर सहमति बनी है। मृतक के छोटे बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था करने का निर्णय भी लिया गया है।

इस पहल का उद्देश्य दुर्घटना में अपने प्रियजन को खो चुके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करना, परिवार के एक सदस्य के लिए रोजगार सुनिश्चित करना तथा बच्चों की पढ़ाई और भविष्य को सुरक्षित बनाने में सहयोग करना है। सहमति बनने के बाद पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के साथ-साथ रोजगार, पेंशन और शिक्षा के माध्यम से भविष्य को बेहतर बनाने की उम्मीद मिली है।

इन जनप्रतिनिधियों की रही प्रमुख भूमिका

पीड़ित परिवार की मांगों को कंपनी प्रबंधन तक पहुंचाने और सहमति बनाने की पहल में निनवा के सरपंच गोविंद सारंग, नकटी के सरपंच योगेन्द्र बघेल, जनपद सदस्य सोनू वर्मा और जनपद सदस्य दयाशंकर निषाद प्रमुख रूप से शामिल रहे।

जनप्रतिनिधियों की इस पहल से दुर्घटना में मृत कर्मचारी के परिवार को आर्थिक सहायता और भविष्य की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण आश्वासन मिले हैं।

खोज खबर छत्तीसगढ़ न्यूज कलम से आयेगी क्रांति

About Santosh Kumar

Check Also

राज्योत्सव 2026: बीजापुर में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब होंगे मुख्य अतिथि

Khojkhbarchhattisgarh.com 2 नवंबर को मिनी स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय समारोह, छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति …