Breaking News

प्रशासन को नींद से जगाने शिवसेना करेगा प्रदर्शन

Khojkhbarchhattisgarh.com

11 जुलाई को मुंगेली-सेतगंगा मार्ग पर होगा चक्का जाम, बिजली ऑफिस के सामने अनिश्चितकालीन धरना

   खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता :   मुंगेली   शिवसेना छत्तीसगढ़ (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) जिला इकाई मुंगेली द्वारा प्रशासन को जगाने की तैयारी कर ली गई है। संगठन ने पहले 26 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा था, लेकिन प्रशासन की उदासीनता एवं निष्क्रिय रवैये के कारण कोई संतोषजनक कार्यवाही नहीं हो पाई। इससे नाराज़ शिवसेना ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का ऐलान किया है।

जिला प्रमुख संतोष साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि अधिकारी कुंभकर्णीय नींद में सोए हुए हैं, जिन्हें जगाने के लिए 11 जुलाई को मुंगेली से सेतगंगा मार्ग पर स्थित बिजली ऑफिस के सामने अनिश्चितकालीन घेराव, धरना प्रदर्शन एवं चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

शिक्षा के अधिकार का हो रहा उल्लंघन

प्रदर्शन के मुख्य कारणों में डोमनपुर स्कूल की एक बड़ी लापरवाही को भी शामिल किया गया है। संतोष साहू ने बताया कि स्कूल के प्रधान पाठक द्वारा एक छात्र को केवल जन्म प्रमाण पत्र के अभाव में स्कूल में बैठने नहीं दिया जा रहा है, जबकि उसके माता-पिता आधार कार्ड और नोटरी दस्तावेज उपलब्ध करा चुके हैं। यह शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 14 का उल्लंघन है, जिसमें स्पष्ट कहा गया है कि किसी भी दस्तावेज की अनुपलब्धता के कारण शिक्षा से वंचित नहीं किया जा सकता।

ठेका कर्मी की मौत, परिवार को न्याय नहीं

एक अन्य गंभीर मुद्दा कुकुसदा सब-स्टेशन से जुड़ा है, जहाँ कार्यरत ठेका कर्मचारी रेखराम कश्यप की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत हो गई थी। मृतक का बेरोजगार भाई जो स्वयं डिग्रीधारी एवं अनुभवी है, परिवार के भरण-पोषण हेतु उसकी जगह नौकरी की मांग कर रहा है, लेकिन उसे दरकिनार कर किसी अन्य को नियुक्त कर दिया गया है। शिवसेना ने मृतक के भाई को ही सेवा में लिए जाने की माँग की है।

ज्ञापन सौंपते समय जिलाध्यक्ष संतोष साहू के साथ इन्द्र साहू, ओ. पी. यादव, भानू निषाद, महेंद्र साहू एवं कई अन्य शिवसैनिक उपस्थित रहे।

About Santosh Kumar

Check Also

तिल्दा-नेवरा में कांग्रेस ने मनाई स्व. परसराम भारद्वाज की जयंती

#तिल्दा_नेवरा #कांग्रेस #परसराम_भारद्वाज #जयंती #छत्तीसगढ़ #कांग्रेस_कार्यकर्ता #खोज_खबर_छत्तीसगढ़_न्यूज