मंत्रियों ने की पूजा-अर्चना, पंथी नृत्य व विशाल शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता तिल्दा-नेवरा
तिल्दा-नेवरा (छत्तीसगढ़)।
नगर पालिका गार्डन के समीप स्थित सतनामी समाज के गुरुद्वारे में संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक एकता के संदेश के साथ भव्य रूप से मनाई गई। कार्यक्रम सतनामी समाज के गुरु बालदास साहेब के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब एवं मंत्री टंकराम वर्मा ने बाबा गुरु घासीदास जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर पवित्र जैतखंभ पर पालो चढ़ाई तथा विशेष आरती की। आयोजन के दौरान शानदार पंथी नृत्य की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। तत्पश्चात गुरुद्वारे से भव्य सम्मान शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
“मनखे-मनखे एक समान” आज भी प्रासंगिक — मंत्री गुरु खुशवंत साहेब


जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने गुरु घासीदास जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार सतनामी समाज सहित सर्वसमाज के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास बाबा ने समाज से कुरीतियों को दूर कर सत्य, समानता और मानवता का मार्ग दिखाया।
“मनखे-मनखे एक समान” का संदेश आज भी सामाजिक समरसता की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि गुरु घासीदास जी का जन्म 18 दिसंबर 1756 को बलौदाबाजार जिले के गिरौदपुरी गांव में हुआ था, इसी कारण प्रतिवर्ष 18 दिसंबर को उनकी जयंती मनाई जाती है।


गुरु घासीदास बाबा पूरे समाज के हैं — मंत्री टंकराम वर्मा
मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि गुरु घासीदास बाबा आज किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समूचे मानव समाज के प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा का संदेश छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे देश में सामाजिक एकता, भाईचारे और समरसता को मजबूत कर रहा है। श्री वर्मा ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना करते हुए सभी को जयंती की शुभकामनाएं दीं।

शाश्वत चिंतन है “मनखे-मनखे एक समान” — गुरु बालदास साहेब
सतनामी समाज के गुरु बालदास साहेब ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास का संदेश “मनखे-मनखे एक समान” भारत भूमि का सनातन और शाश्वत चिंतन है, जिसमें विश्व कल्याण निहित है।
उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास जी ने अपने विचारों और शिक्षाओं से समाज में समानता और समरसता की अलख जगाई, जो आज भी सर्व मानव समाज के लिए प्रेरणादायक है।
अतिथियों का हुआ भव्य स्वागत
कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, मंत्री टंकराम वर्मा एवं राजा गुरु बालदास साहेब का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर गुरु माता की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, अंजय शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष लेमीक्षा गुरु, डहरिया ,महेश अग्रवाल, भाजपा जिला मंत्री विकास कोटवानी, भाजपा नेता एवं समाजसेवी घनश्याम अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य स्वाति वर्मा, धर्मेंद्र डहरिया, राजकुमार गेनडरे, अनिल शर्मा, रानी सौरभ जैन, जीतू माधवानी, सुधा पाण्डेय, सौरभ जैन, पवन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग उपस्थित रहे।
khojkhbarchhattisgarh hindi news