सोमवार को तिल्दा थाना घेराव करेगी जिला कांग्रेस कमेटी

तिल्दा-नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु
तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था, हत्या, अपहरण, लूट, सूखा नशा, सट्टा-जुआ और अवैध शराब के बढ़ते कारोबार के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण सोमवार को तिल्दा थाना का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन करेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि तिल्दा एवं आसपास के ग्रामीण इलाके, जो कभी शांत माने जाते थे, आज अपराधों की गिरफ्त में हैं। हत्या, अपहरण और लूट जैसी घटनाएं आम हो गई हैं, वहीं सट्टा-जुए ने परिवारों को तबाह कर दिया है और सूखा नशा युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है।
बंजारे ने आरोप लगाया कि अवैध शराब की खुलेआम बिक्री से अपराधों में भयावह बढ़ोतरी हुई है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस-प्रशासन की ओर से अपराधियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे जनता में भय और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
इन्हीं गंभीर मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक तिल्दा थाना का घेराव कर राज्यपाल एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
कार्यक्रम विवरण:
▪️ दोपहर 1 बजे – तिल्दा ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में बैठक
▪️ दोपहर 3 बजे – तिल्दा थाना पहुंचकर घेराव एवं विरोध प्रदर्शन
राजेंद्र बंजारे ने कहा, “कांग्रेस पार्टी जनता के साथ खड़ी है। यह आंदोलन केवल विरोध नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा और कानून के राज की लड़ाई है। प्रशासन को जनता के सवालों का जवाब देना होगा।”
उन्होंने पार्टीजनों एवं क्षेत्र की जनता से निर्धारित समय पर बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news