ANM व मितानिनों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

रायपुर ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु
रायपुर | खोज ख़बर छत्तीसगढ़ | 09 फरवरी 2026
राष्ट्रीय बधिरता बचाव एवं रोकथाम कार्यक्रम के तहत सोमवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में आरएचओ महिला (ANM) एवं मितानिनों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला दो बैच में आयोजित की गई।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी के निर्देशन में किया गया। प्रशिक्षण में नोडल अधिकारी डॉ. नीति वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री मनीष मेजरवार के मार्गदर्शन एवं डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग को-ऑर्डिनेटर श्रीमती प्रियंका जांगड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर के रूप में जिला अस्पताल पंडरी की नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. नीति वर्मा, डॉ. अनुपमा धनंजय, ऑडियोलॉजिस्ट श्रीमती खुशबू भू आर्य, श्रीमती मंजुला, कंसलटेंट डॉ. सृष्टि यदु एवं डॉ. प्रगति जायसवाल ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रतिभागियों को कान एवं श्रवण सुरक्षा, बहरापन होने के कारण, मानव शरीर की ज्ञानेंद्रिय कान की संरचना, उसकी सामान्य बीमारियों के साथ-साथ नाक एवं गले से जुड़ी सामान्य समस्याओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके साथ ही ANM एवं मितानिनों को समुदाय आधारित मूल्यांकन चेकलिस्ट, नाक-कान-गला की देखभाल तथा श्रवण दोष से पीड़ित व्यक्तियों से संवाद करने के व्यवहारिक तरीकों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण उपरांत प्रतिभागी स्वास्थ्य कार्यकर्ता अब क्षेत्र स्तर पर बधिरता की पहचान, रोकथाम एवं जनजागरूकता के कार्य को और अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगी।
khojkhbarchhattisgarh hindi news