Breaking News

रायपुर में दरिंदगी की हदें पार 8 साल की मासूम से दुष्कर्म, सिग्नल से किडनैप कर VIP रोड ले गया आरोपी

Khojkhbarchhattisgarh.com

सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बावजूद क्या राजधानी में नाबालिग बच्चियां सुरक्षित हैं?

ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता रायपुर

रायपुर राजधानी रायपुर एक बार फिर शर्मसार हो गई। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में 8 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने सिग्नल पर भीख मांग रही बच्ची को खाना खिलाने का लालच देकर कार में बैठाया और VIP रोड ले जाकर हैवानियत को अंजाम दिया।

घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे की है। पीड़िता तेलीबांधा सिग्नल पर अन्य बच्चों के साथ वाहन चालकों से पैसे मांगकर जीवनयापन करती थी। इसी दौरान स्विफ्ट कार सवार आरोपी नवीन सोनी (21) वहां पहुंचा। उसने बच्ची और उसकी सहेली को खाना खिलाने का झांसा दिया और दोनों को कार में बैठा लिया।

आरोपी कार को ललित महल की ओर ले गया, जहां सहेली को खाने का सामान लाने के बहाने उतार दिया। इसके बाद आरोपी बच्ची को सुनसान इलाके में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

देर रात तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ACCU टीम और तेलीबांधा थाना पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगालने शुरू किए। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 3 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने सिलतरा निवासी नवीन सोनी, जो ट्रेवल एजेंसी में ड्राइवर के रूप में काम करता है, के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और POCSO एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

गौरतलब है कि दो सप्ताह पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले ने भी शहर को झकझोर दिया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बावजूद क्या राजधानी में नाबालिग बच्चियां सुरक्षित हैं? VIP रोड जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में दरिंदगी की यह वारदात सुरक्षा दावों की पोल खोलती है। जहां दिन-रात बड़े नेताओं और मंत्रियों का आना-जाना रहता है, वहां मासूम बच्ची का शिकार होना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है।

पुलिस बयान

तारकेश्वर पटेल, एडीसीपी रायपुर मध्य ने कहा —
“मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।”

About Santosh Kumar

Check Also

चितावर धाम में साहू समाज का भव्य पदभार ग्रहण समारोह, एकता और संगठन का दिखा दम

Khojkhbarchhattisgarh.com सिमगा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु सिमगा 9 फरवरी ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ …