शोभायात्रा, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उमड़ा जनसैलाब, महाभंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

रायपुर खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर। यादव रेजिमेंट रायपुर, छत्तीसगढ़ द्वारा भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव इस वर्ष भी उत्साह, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। आयोजन में यादव समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के हजारों लोगों ने भी सहभागिता कर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति स्थापना, भव्य शोभायात्रा एवं रैली, भजन संध्या तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण के भजनों का आनंद लिया। अगले दिन महाप्रसाद एवं महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में यादव रेजिमेंट के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुभाष यादव, युवा अध्यक्ष कुंदन यादव सहित उपेंद्र यादव, संजय यादव, भरत यादव, धर्मदेव यादव, गोपाल यादव, छोटेलाल यादव, आदित्य यादव, राजकुमार यादव, जयप्रकाश यादव एवं यादव रेजिमेंट की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजन में रायपुर के पूर्व विधायक एवं वर्तमान विधायक सहित बिरगांव नगर निगम के जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र के नेतागण भी उपस्थित रहे।
‘पढ़ेगा समाज, तभी तो बढ़ेगा समाज’
यादव रेजिमेंट के प्रदेश मीडिया प्रभारी सुभाष यादव ने कहा कि संगठन द्वारा लगातार चार वर्षों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष आयोजन को और अधिक बेहतर एवं भव्य बनाने का प्रयास किया जाता है, ताकि समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यादव समाज के विकास के लिए केवल सामाजिक एकता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और नशामुक्ति जैसे विषयों पर भी निरंतर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने समाजजनों और युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा— “पढ़ेगा समाज, तभी तो बढ़ेगा समाज।”
उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ रोजगार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होकर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
अंत में यादव रेजिमेंट की पूरी टीम ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी समाजजनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी समाजहित में इसी तरह कार्य करते रहने का संकल्प लिया।
khojkhbarchhattisgarh hindi news