वेल्डिंग-फैब्रिकेशन दुकानों, लोहारों और चाकू धार करने वालों को दिए सख्त निर्देश, सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर

तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
तिल्दा-नेवरा, 07 सितंबर 2026। नाबालिगों के हाथों में चाकू एवं अन्य धारदार हथियार पहुंचने से रोकने और चाकूबाजी जैसी घटनाओं की संभावनाओं को समाप्त करने के उद्देश्य से तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने अपराध होने के बाद कार्रवाई के साथ-साथ अपराध से पहले उसकी रोकथाम पर विशेष फोकस किया है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के वेल्डिंग एवं फैब्रिकेशन दुकानों, लोहारों तथा चाकू एवं धारदार औजारों की धार करने वाले कारोबारियों से संपर्क कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को बड़े अथवा धारदार चाकू उपलब्ध न कराए जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
नाबालिगों तक हथियार पहुंचाने वालों पर रहेगी नजर
पुलिस ने दुकानदारों एवं कारोबारियों को चाकू या धारदार औजार बेचते अथवा धार करते समय विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी है। खासकर कम उम्र के बच्चों द्वारा बड़े या धारदार चाकू खरीदने अथवा धार कराने की कोशिश किए जाने पर सतर्क रहने को कहा गया है।
पुलिस के अनुसार, यदि किसी नाबालिग के पास चाकू या अन्य धारदार हथियार मिलता है और उसका संबंध किसी आपराधिक घटना से सामने आता है, तो हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जाएगी। परिस्थितियों और लागू कानून के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सुभाष चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची पुलिस
अभियान के तहत पुलिस टीम ने सुभाष चौक सहित तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के विभिन्न वेल्डिंग-फैब्रिकेशन दुकानों, लोहार दुकानों और चाकू धार करने वाले स्थानों का भ्रमण किया। संचालकों को समझाइश देते हुए संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई।
नाबालिगों को भी किया जा रहा जागरूक
पुलिस द्वारा केवल कारोबारियों पर निगरानी ही नहीं रखी जा रही, बल्कि नाबालिगों को भी हथियारों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बच्चों को समझाया जा रहा है कि चाकू अथवा किसी भी धारदार हथियार को अपने पास रखना या लेकर घूमना उनके लिए खतरनाक हो सकता है।
पुलिस ने नाबालिगों को विवाद और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने तथा हथियार नहीं रखने के लिए प्रेरित किया।
अभिभावकों से भी पुलिस की अपील
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उनके साथ नियमित संवाद करें। यदि बच्चे के पास चाकू अथवा कोई अन्य धारदार हथियार दिखाई देता है, तो तत्काल उसे समझाइश देकर हथियार से दूर रखें तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस को सूचना दें।
सोशल मीडिया समूहों पर भी निगरानी
पुलिस द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया समूहों में युवा एवं नाबालिगों द्वारा की जा रही अवांछित गतिविधियों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य ऐसी गतिविधियों की पहचान कर समय रहते रोकथाम करना है, ताकि किसी गंभीर घटना की स्थिति निर्मित न हो।
पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने निर्देशित किया है कि नाबालिगों को अपराध की प्रवृत्ति से दूर करने के साथ-साथ कम उम्र के बच्चों तक धारदार अथवा घटना में उपयोग हो सकने वाली वस्तुएं पहुंचाने वाले माध्यमों पर निगरानी रखी जाए। ऐसी वस्तुओं के संभावित दुरुपयोग अथवा घटना के बाद संबंधित व्यक्तियों की भूमिका सामने आने पर परिस्थितियों एवं लागू कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपराध होने से पहले रोकथाम पर जोर
तिल्दा-नेवरा पुलिस का यह अभियान क्षेत्र में चाकूबाजी एवं धारदार हथियारों के संभावित दुरुपयोग को रोकने की दिशा में एक प्रिवेंटिव पुलिसिंग पहल है। पुलिस का लक्ष्य नाबालिगों तक हथियारों की आसान पहुंच रोकना और तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखना है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news