त्रि-दिवसीय विराट मानस गान सम्मेलन के समापन पर विशाल रक्तदान व नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर

तिल्दा विकासखंड के ग्राम अड़सेना में आयोजित छत्तीसगढ़ स्तरीय त्रि-दिवसीय सस्वर विराट मानस गान सम्मेलन के समापन दिवस पर धर्म और समाज सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजन समिति ने आध्यात्मिक कार्यक्रम के साथ मानवता की सेवा को जोड़ते हुए विशाल रक्तदान शिविर एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया।

सम्मेलन स्थल पर लगे रक्तदान शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बिलासा ब्लड बैंक की विशेषज्ञ टीम ने व्यवस्थाएं संभाली। रामायण मंच के समीप बनाए गए शिविर में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव जीवन बचाने का संकल्प दोहराया।

वहीं श्री लक्ष्मीनारायण हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सकों ने ग्रामवासियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में रक्तचाप, शुगर, सामान्य रोगों सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। डॉक्टरों ने विस्तृत परामर्श दिया और जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित कीं।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभ पहुंच सुनिश्चित करना और लोगों को समय पर जांच के प्रति जागरूक बनाना है। उनका मानना है कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है।

समापन दिवस पर यह आयोजन धर्म और सेवा के संतुलित समन्वय का प्रेरक उदाहरण बन गया। जहां एक ओर मानस गान की भक्ति रसधारा बही, वहीं दूसरी ओर रक्तदान और स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से मानवता का सच्चा संदेश भी प्रसारित हुआ।

khojkhbarchhattisgarh hindi news