
खरोरा, 21 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ पेंशनर्स समाज, रायपुर के आव्हान पर तहसील शाखा खरोरा द्वारा अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के 100 से अधिक पेंशनर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
धरना स्थल पर पेंशनर्स ने प्रमुख रूप से पेंशन भुगतान के लिए सहमति प्रक्रिया समाप्त करने, राहत पेंशन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने, छठवें वेतनमान के 32 माह के एरियर तथा सातवें वेतनमान के 27 माह के लंबित एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग रखी। इसके साथ ही पेंशनर्स कल्याण निधि से चिकित्सा व्यय उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।
इस अवसर पर पेंशनर्स संघ के संयोजक सीताराम यादव, संरक्षक के.आर. वर्मा, महामंत्री अंबिका प्रसाद वर्मा, अध्यक्ष गोपाल दास पदवार सहित अन्य पदाधिकारियों—फणेन्द्र भूषण पटेल, भूपेन्द्र नायक, सुरेन्द्र कुमार वर्मा, महेश कुमार वर्मा, सुरेश कुमार साहू एवं बलदाऊ प्रसाद निर्मलकर—ने पेंशनर्स को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि जब तक पेंशनरों की जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना प्रदर्शन के बाद पेंशनर्स ने मुख्यमंत्री के नाम तहसील कार्यालय खरोरा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निराकरण की मांग की। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
उक्त जानकारी शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा द्वारा दी गई।
khojkhbarchhattisgarh hindi news