पिरदा और तुलसी में सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों को मिली प्रशासनिक स्वीकृति, ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मिलेगी नई गति

रायपुर आरंग खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
आरंग/रायपुर, 25 सितंबर 2026। आरंग विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास को गति देने के लिए लगातार विकास कार्यों को स्वीकृति मिल रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत पिरदा और तुलसी में कुल ₹1.51 करोड़ के सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है।
स्वीकृत कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन व्यवस्था के साथ जल निकासी एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। आरंग विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की पहल से क्षेत्र में सड़क, नाली सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पिरदा में ₹1.13 करोड़, तुलसी में ₹37.85 लाख के कार्य
स्वीकृत कार्यों के अनुसार पिरदा में रोशन के घर से भुवन के घर तक सड़क एवं नाली निर्माण के लिए ₹113.35 लाख की राशि स्वीकृत की गई है।
वहीं तुलसी में झलाराम की दुकान से मुक्तिधाम तक सड़क एवं नाली निर्माण के लिए ₹37.85 लाख की स्वीकृति मिली है।
दोनों कार्यों की कुल स्वीकृत राशि ₹151.20 लाख यानी लगभग ₹1.51 करोड़ है।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। आरंग विधानसभा क्षेत्र में भी ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गांवों में लगातार मिल रही विकास कार्यों की स्वीकृतियां ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। आने वाले समय में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी रहेंगे।
khojkhbarchhattisgarh hindi news