Breaking News

तिल्दा-नेवरा में राशन संकट से हितग्राहियों में आक्रोश

Khojkhbarchhattisgarh.com

राशन नहीं मिलने पर हितग्राहियों ने बेयरहाउस का किया घेराव

ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता तिल्दा-नेवरा

रायपुर : तिल्दा-नेवरा ब्लॉक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। शासकीय उचित मूल्य दुकानों में समय पर राशन नहीं मिलने से सैकड़ों राशनकार्डधारी आक्रोशित हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि परेशान हितग्राहियों ने राशन की मांग को लेकर बेयरहाउस का घेराव कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कई उचित मूल्य दुकानों में 27 और 28 तारीख तक भी राशन का उठाव नहीं हो पाया, जिससे पूरे माह का वितरण प्रभावित रहा। गरीब, बुजुर्ग, महिलाएं और जरूरतमंद परिवार रोजाना दुकान के चक्कर काटने को मजबूर हैं। सरकार की ऑनलाइन और पारदर्शी व्यवस्था के दावे जमीनी हकीकत में फेल होते दिख रहे हैं।

नान और खाद्य विभाग पर लापरवाही के आरोप

स्थानीय लोगों ने नान (NAN) के अधिकारियों और संबंधित फूड इंस्पेक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों और उपभोक्ताओं ने नान अधिकारी प्रेम ओगरे के खिलाफ भी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। हितग्राहियों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा।

भोजन का संकट, प्रशासन मौन

राशन नहीं मिलने से कई परिवारों के सामने भोजन तक का संकट खड़ा हो गया है। लोगों ने जिला प्रशासन और खाद्य विभाग से तत्काल राशन आपूर्ति बहाल करने और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वार्ड पार्षद ने बताई अंदरूनी वजह

मौके पर मौजूद वार्ड पार्षद ने बताया कि पिछले कई महीनों से वार्ड के हितग्राही लगातार शिकायत कर रहे हैं। दुकान क्रमांक 10 से नाम हटाकर हितग्राहियों को दूसरे वार्ड की दुकान में शिफ्ट किया गया था। अब पुनः निर्णय लिया गया है कि अगले माह से दुकान क्रमांक 10 में ही राशन वितरण किया जाएगा।

हितग्राहियों की चेतावनी

आक्रोशित राशनकार्डधारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि

“यदि हर महीने समय पर राशन नहीं मिला, तो हम सीधे बेयरहाउस से ही अपना राशन लेने को मजबूर होंगे।”

जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चन्द्रकला डॉ. खुमान वर्मा, सभापति ईश्वर यदु, पार्षद राजकुमार गेंडरे, सतीश निषाद, , पप्पू नामदेव,प्रेम कोसले सहित बड़ी संख्या में राशनकार्डधारी उपस्थित रहे।

अब बड़ा सवाल यह है कि जिला प्रशासन और खाद्य विभाग कब तक नींद से जागते हैं और तिल्दा ब्लॉक के गरीब हितग्राहियों को समय पर राशन मिल पाता है या नहीं।

About Santosh Kumar

Check Also

चितावर धाम में साहू समाज का भव्य पदभार ग्रहण समारोह, एकता और संगठन का दिखा दम

Khojkhbarchhattisgarh.com सिमगा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु सिमगा 9 फरवरी ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ …