बेमेतरा में सिर्फ संविदा भर्ती, प्रतिनियुक्ति से क्यों वंचित?

तिल्दा-नेवरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु
बेमेतरा। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय योजना के तहत भर्ती प्रक्रिया में कथित भेदभाव को लेकर शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे पार्टी ने कड़ा ऐतराज जताया है। पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव दाऊ राम चौहान ने आरोप लगाया कि बेमेतरा जिले में केवल संविदा भर्ती निकाली गई है, जबकि शासन के प्रावधान अनुसार संविदा के साथ-साथ प्रतिनियुक्ति से भी भर्ती का विकल्प होना चाहिए।
चौहान ने बताया कि छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कवर्धा, राजनांदगांव, खैरागढ़ सहित कई जिलों में नियमित शासकीय कर्मचारियों को हिंदी व अंग्रेजी माध्यम के पदों के लिए प्रतिनियुक्ति के माध्यम से आवेदन करने का अवसर दिया जा रहा है। ऐसे में बेमेतरा को इससे वंचित रखना अनुचित और असमान है।
शिवसेना ने इस मुद्दे को लेकर जिला कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं एवं जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि बेमेतरा जिले में भी तत्काल प्रभाव से संविदा के साथ प्रतिनियुक्ति से भर्ती का प्रावधान लागू किया जाए, ताकि योग्य शासकीय कर्मचारियों के साथ न्याय हो सके।
पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।
khojkhbarchhattisgarh hindi news