
तिल्दा-नेवरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु
धरसीवां खड़ | 12 जनवरी 2026
धरसीवां खड़ अंतर्गत ग्राम खौना में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी द्वारा संयुक्त रूप से भव्य सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान गांव के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए संगठन की विचारधारा से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर ग्राम खौना के 25 युवाओं ने छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की विधिवत सदस्यता लेकर छत्तीसगढ़िया अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए निस्वार्थ भाव से संघर्ष करने वाला छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ही एकमात्र संगठन है, जो पूरी मजबूती से छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़िया और छत्तीसगढ़ियावाद की आवाज को बुलंद कर रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य को बने 25 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, लेकिन जिस तरह के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सुधारों की अपेक्षा थी, वे आज भी अधूरे हैं। यही कारण है कि संगठन जनजागरूकता और संघर्ष के माध्यम से छत्तीसगढ़िया समाज के अधिकारों की लड़ाई को लगातार आगे बढ़ा रहा है।
कार्यक्रम में जिला स्तर, खड़ स्तर के पदाधिकारी सहित आसपास के क्षेत्रों से आए सेनानीगण उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर छत्तीसगढ़िया समाज पर हो रहे शोषण के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
उल्लेखनीय है कि सदस्यता अभियान रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में निरंतर जारी है। वर्तमान में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव जेल में हैं, इसके बावजूद छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ियावाद की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। संगठन और पार्टी के कार्यकर्ता हर परिस्थिति में सदस्यता अभियान को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।
khojkhbarchhattisgarh hindi news