सोने-चांदी के जेवरात व मोटरसाइकिल जप्त, दोनों आरोपी पूर्व में भी जा चुके हैं जेल

रायपुर ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु
रायपुर | 23 जनवरी 2026
थाना तिल्दा नेवरा पुलिस एवं एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात एवं घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जप्त की गई है।
मामला थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोहका का है, जहां प्रार्थी आशीष कुमार ध्रुव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 जनवरी 2026 को वह अपनी पत्नी के साथ घर में ताला लगाकर च्वाइस सेंटर गया हुआ था। वापस लौटने पर घर के कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला तथा उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। अज्ञात चोर बाउंड्रीवाल कूदकर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 14/26 धारा 331(2), 305 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की।
पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस ने शेखर टण्डन एवं सूरज जांगडे उर्फ भला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने चोरी की वारदात को स्वीकार किया। आरोपियों के पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जिला बलौदा बाजार एवं जिला बेमेतरा में भी चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है, जिस संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी शेखर टण्डन पूर्व में जिला बेमेतरा में चोरी व नकबजनी के पांच मामलों में जेल जा चुका है, वहीं आरोपी सूरज जांगडे उर्फ भला भी नकबजनी व मारपीट के मामलों में पूर्व में जेल निरूद्ध रह चुका है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोह पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

khojkhbarchhattisgarh hindi news