रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक 145 किमी ऐतिहासिक सतनाम सद्भाव पदयात्रा आज प्रारंभ होगी

रायपुर ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु
रायपुर, 18 फरवरी 2026।
सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का बिगुल बजाते हुए रायपुर से पवित्र गिरौदपुरी धाम तक 5 दिवसीय विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा का आज भव्य शुभारंभ हुआ। “अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” के प्रेरक संदेश के साथ यह ऐतिहासिक यात्रा समाज में एकता और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ी है।

यह पदयात्रा गुरु खुशवंत साहेब (कैबिनेट मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन) के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है। शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
यह यात्रा परम् पूज्य गुरु घासीदास बाबा के आशीर्वाद एवं गुरु परंपरा के मार्गदर्शन में आयोजित हो रही है, जिसमें राजागुरु एवं धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब का सानिध्य प्राप्त है।
145 किलोमीटर की आस्था यात्रा, 40 से अधिक गांवों में गूंजेगा सतनाम
आज प्रातः 8 बजे सतनाम भवन, मोवा (रायपुर) से प्रारंभ हुई यह पदयात्रा 18 से 22 फरवरी तक लगभग 145 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 40 से अधिक गांवों और शहरों से गुजरेगी तथा पवित्र गिरौदपुरी धाम में भव्य समापन होगा।

रास्ते में जगह-जगह समाजजनों द्वारा भव्य स्वागत, पंथी नृत्य, सतनाम अखाड़ा प्रदर्शन, धूमाल, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी।
केवल धार्मिक आयोजन नहीं, सामाजिक चेतना का महाअभियान
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा—
> “यह पदयात्रा केवल आस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और समरसता का महाअभियान है। गुरु घासीदास बाबा जी के ‘मनखे-मनखे एक समान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का यह ऐतिहासिक प्रयास है।”
पदयात्रा के दौरान नशामुक्ति, स्वच्छता, शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। समरसता भोज के माध्यम से समानता और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा।
प्रदेशवासियों से आह्वान
सतनामी समाज एवं प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर इस ऐतिहासिक पदयात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया गया है।
यह यात्रा केवल एक मार्ग की दूरी नहीं, बल्कि समाज में समानता और एकता की नई दिशा तय करने की पहल मानी जा रही है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news