Breaking News

तिल्दा-नेवरा में विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर सम्पन्न

Khojkhbarchhattisgarh.com

12 ग्रामीणों का होगा मुफ्त मोतियाबिंद ऑपरेशन, सैकड़ों मरीजों को मिला लाभ

तिल्दा-नेवरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु

तिल्दा-नेवरा। ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवा की बड़ी पहल करते हुए संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड द्वारा ग्राम पंचायत सांकरा में विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच एवं उपचार का लाभ उठाया।

सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि जांच के दौरान चयनित 12 ग्रामीणों का मोतियाबिंद ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क कराया जाएगा। इन मरीजों का ऑपरेशन रायपुर स्थित एम जी एम आई हॉस्पिटल में कराया जाएगा।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने किया परीक्षण

यह शिविर संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड के सौजन्य से समता फाउंडेशन तथा एम जी एम हॉस्पिटल, ओम हॉस्पिटल, पेटल्स हॉस्पिटल और उपाध्याय हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों के सहयोग से पंचायत भवन, सांकरा में आयोजित किया गया।

शिविर में नेत्र जांच, रक्त परीक्षण, बीपी, शुगर जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण सहित सैकड़ों मरीजों का नि:शुल्क उपचार किया गया। जरूरतमंदों को दवाइयों के साथ-साथ नजर के चश्मे भी वितरित किए गए। साथ ही मच्छरदानियों का भी निःशुल्क वितरण किया गया।

“छोटी बीमारी को भी हल्के में न लें” – शीतल गोयल

संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड की सीएसआर हेड श्रीमती शीतल गोयल ने कहा कि जांच में जिन मरीजों में मोतियाबिंद पाया गया है, उनका ऑपरेशन कंपनी द्वारा पूरी तरह नि:शुल्क कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि छोटी से छोटी बीमारी को भी नजरअंदाज न करें और समय रहते चिकित्सकीय सलाह लें।

उन्होंने कहा कि कंपनी गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए सदैव तत्पर है और इसी उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया।

जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति

शिविर में ग्राम पंचायत सांकरा की सरपंच पुनिया पटेल, उपसरपंच राजकुमार यदु, पंचगण एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों एवं डॉक्टरों का पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कंपनी के एम. जी. के. मूर्ति, सुचिता जैन, लक्ष्मी, राकेश कुमार निर्मलकर एवं जितेंद्र वर्मा का विशेष योगदान रहा।

ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर गांवों में नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।

About Santosh Kumar

Check Also

विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिला ‘आईकॉन ऑफ देवभूमि अवॉर्ड 2026’ का सम्मान

Khojkhbarchhattisgarh.com कुमाऊँ केसरी की अनूठी पहल, देश-विदेश की हस्तियां एक मंच पर हुईं शामिल उत्तराखंड …