
खरोरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता
खरोरा। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और जननेता भूपेश बघेल का ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खरोरा द्वारा ग्राम मांठ में अभूतपूर्व और जोशीला स्वागत किया गया। वे छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के वार्षिक अधिवेशन में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला मांठ पहुंचा, “कका अभी जिंदा है” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा और माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग गया।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी, कार्यकर्ताओं का उमड़ा सैलाब
स्वागत कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष उद्यो राम वर्मा और ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी वर्मा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। क्षेत्र के दिग्गज कांग्रेसी नेताओं और जनप्रतिनिधियों की लंबी कतार मंच और सड़क—दोनों जगह दिखाई दी।
आनंद गिलहरे, घनश्याम वर्मा, सुरेंद्र गिलहरे, अंकित वर्मा, खूबी डहरिया, शशांक चंद्राकर, पन्ना देवांगन, बैसाखू यदु, देवप्रकाश पैकरा, प्रदीप मड़रिया, कपिल नशीने, जीतेन्द्र चंद्राकर, तोकेन्द्र गायकवाड़, भानुप्रताप भट्ट, मुकेश साहू, मुकेश ठाकुर, गबर सिंह नायक, तुला राम बघेल, दिनेश वर्मा, राकेश देवांगन, हरीश वर्मा, रेशम वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
किसानों और मनरेगा पर सरकार को घेरा
भूपेश बघेल ने वाहन से उतरकर कार्यकर्ताओं से हाथ मिलाया और उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता के हक की लड़ाई रुकनी नहीं चाहिए।
धान खरीदी में आ रही दिक्कतों और मनरेगा के मुद्दे पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को मजबूती से खड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने संकेत दिया कि किसानों और मजदूरों के सवाल पर कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
“मनरेगा बचाव संग्राम” होगा तेज
ब्लॉक अध्यक्ष अश्वनी वर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के इस दौरे से खरोरा ब्लॉक में नया जोश भर गया है। आने वाले दिनों में “मनरेगा बचाव संग्राम” और किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
राजनीतिक मायने:
ग्राम मांठ में उमड़ी भीड़ और जोशीले नारों ने साफ संकेत दिया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता आगामी रणनीति को लेकर सक्रिय हो चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री की मौजूदगी ने संगठन में नई ऊर्जा का संचार किया है, जिससे क्षेत्रीय राजनीति में हलचल तेज होना तय माना जा रहा है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news