06 असामाजिक तत्व जेल निरुद्ध, 05 माह से फरार 02 आरोपी गिरफ्तार, 07 वारंटी जेल दाखिल
13 चाकूबाजों सहित 03 अन्य आपराधिक तत्वों पर सख्त प्रतिबंधात्मक कार्यवाही

तिल्दा-नेवरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु
रायपुर (ग्रामीण), 23 फरवरी 2026 होली पर्व से पहले रायपुर ग्रामीण पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ जबरदस्त कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सख्ती का स्पष्ट संदेश दे दिया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मित्तल के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तिल्दा-नेवरा, धरसींवा एवं विधानसभा थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्यवाही की गई।
06 उपद्रवी तत्व जेल भेजे गए

थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के मोहभट्ठा पारा नेवरा, पुरानी बस्ती तिल्दा, सासाहोली एवं ग्राम टंडवा में जबरन विवाद और मारपीट की घटनाओं पर पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया। समझाइश के बावजूद आरोपी शांति भंग करने पर उतारू रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 06 आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल निरुद्ध कर दिया गया।
05 माह से फरार 02 आरोपी दबोचे
अपराध क्रमांक 554/2026 (धारा 333, 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस) के तहत वर्ष 2025 में गणेश विसर्जन के दौरान घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दो आरोपी फरार चल रहे थे।
विश्वसनीय मुखबिर सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर विवेक वर्मा एवं योगेश सेन को गिरफ्तार कर लिया। विधिसम्मत कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया।
07 वारंटी भी पहुंचे सलाखों के पीछे
स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के लिए चलाए गए विशेष अभियान में 07 वारंटियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार सभी को जेल दाखिल किया गया।
13 चाकूबाजों पर कसा शिकंजा

थाना धरसींवा क्षेत्र में सक्रिय 13 चाकूबाजों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया और जेल भेजा गया।
वहीं, थाना विधानसभा क्षेत्र में 03 अन्य आपराधिक तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
होली पर पुलिस की सख्ती, शांति व्यवस्था सर्वोपरि
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, मारपीट या उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
रायपुर ग्रामीण पुलिस का यह अभियान क्षेत्र में अपराधियों के लिए चेतावनी और आम नागरिकों के लिए भरोसे का संदेश बनकर उभरा है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news