छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना की चेतावनी – एक हफ्ते में भुगतान नहीं तो होगा उग्र प्रदर्शन

तिल्दा नेवरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता
तिल्दा-नेवरा (रायपुर ग्रामीण)।
मजदूर के मेहनताने का भुगतान नहीं होने से नाराज़ छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने अब आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। संगठन ने तिल्दा-नेवरा एसडीएम कार्यालय और रायपुर ग्रामीण थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपते हुए आरसीसी प्लांट के मालिक रोहित ब्यास को कड़ी चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मजदूर की बकाया मेहनताना राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।
पीड़ित मजदूर ने आरोप लगाया कि वह पिछले एक वर्ष से अपने हक की मजदूरी के लिए चक्कर काट रहा है। “आज आना, कल आना” कहकर उसे लगातार टाला जाता रहा। मजदूर का कहना है कि वह सेन्टरिंग का काम करता है और उसकी मेहनताना राशि अब तक अटकी हुई है। इतना ही नहीं, उसके सेन्टरिंग के प्लाई लकड़ी (लगभग दो कुंटल) को भी आग के हवाले कर दिया गया, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने साफ शब्दों में कहा है कि मजदूरों के शोषण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि तय समयसीमा में भुगतान नहीं हुआ तो कंपनी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन, घेराव और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान मुख्य रूप से प्रदीप साहू, तेजराम देवांगन, बिसाहू राम साहू, कमलेश साहू, दुर्गेश कटरिया, जागेश साहू, भूपेंद्र ठाकुर, मोहित साहू, दीपक वर्मा, महेश साहू, अविराज साहू, हेमंत वर्मा एवं उमेश निर्मलकर उपस्थित रहे।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन और कंपनी प्रबंधन इस मामले में क्या रुख अपनाते हैं, क्योंकि मजदूर के हक की लड़ाई अब सड़क पर उतरने को तैयार है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news