SLRM सेंटर की मेहनतकश दीदियों को वितरित किए गए रैनकोट
तिल्दा-नेवरा। लोकतंत्र सेनानी एवं वरिष्ठ जनसंघ नेता स्व. पंडित मालूराम शर्मा की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को तिल्दा-नेवरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14, 03 एवं 22 स्थित SLRM सेंटरों में सेवा कार्य आयोजित किया गया। इस दौरान कचरा संग्रहण एवं प्रबंधन के कार्य में जुटी महिलाओं को बारिश के मौसम में काम करने में सुविधा हो, इस उद्देश्य से रैनकोट वितरित किए गए।
कार्यक्रम में लोकतंत्र प्रहरी छत्तीसगढ़ के रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष सौरभ जैन, प्रदेश महामंत्री पंडित नरेंद्र मालूराम शर्मा, वार्ड क्रमांक 20 के पार्षद संतोष यदु, अमरजीत पासवान, सागर पंजवानी एवं नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमिताभ शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 21 की पार्षद रानी सौरभ जैन ने SLRM सेंटर में कार्यरत महिलाओं को रैनकोट प्रदान किए। सेवा कार्य के दौरान महिलाओं ने भी इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
लोकतंत्र सेनानी के योगदान को किया याद
कार्यक्रम के दौरान स्व. पंडित मालूराम शर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उनके सामाजिक, राष्ट्रवादी एवं लोकतांत्रिक योगदान को याद किया गया। स्व. शर्मा नेवरा के वरिष्ठ जनसंघ नेता, समाजसेवी एवं लोकतंत्र सेनानी के रूप में सक्रिय रहे। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करते हुए वे मीसा के तहत रायपुर जेल में 21 माह तक बंदी रहे।
स्व. मालूराम शर्मा का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, सरस्वती शिशु मंदिर सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों से भी गहरा जुड़ाव रहा। उन्होंने जीवनभर समाजहित एवं राष्ट्रसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।
सेवा कार्य के जरिए सच्ची श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि स्व. पंडित मालूराम शर्मा का जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकार और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी पुण्यतिथि पर मेहनतकश महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवा कार्य करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
अंत में उपस्थित लोगों ने स्व. पंडित मालूराम शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों, सेवा भावना और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
khojkhbarchhattisgarh hindi news