होली–रमजान को लेकर प्रशासन अलर्ट, हुड़दंगियों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई

तिल्दा-नेवरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु
तिल्दा नेवरा, 28 फरवरी 2026।
आगामी होली और पवित्र रमजान माह को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से शनिवार शाम 4 बजे थाना परिसर तिल्दा नेवरा में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित सर्व समुदाय के प्रतिनिधि, सरपंच, पंच, जनप्रतिनिधि, पत्रकार , पुलिस मितान और ग्राम कोटवार उपस्थित रहे।
बैठक में साफ शब्दों में चेतावनी दी गई कि “किसी भी प्रकार से शांति भंग करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

प्रशासन के स्पष्ट दिशा-निर्देश
होली के दौरान महिलाओं और बच्चों की गरिमा को सर्वोपरि रखते हुए निम्न निर्देश जारी किए गए—
केमिकल युक्त रंगों के उपयोग और बिक्री पर सख्त रोक
मुखौटे, ध्वनि विस्तारक यंत्र और जुलूस/रैली पर पूर्ण प्रतिबंध
मोटरसाइकिल पर तीन सवारी, प्रेशर हॉर्न, हुटिंग और चिल्लाने पर कार्रवाई
धार्मिक स्थलों एवं मवेशियों पर रंग-गुलाल फेंकने पर रोक
होलिका दहन के लिए लकड़ी/पेड़ की अवैध कटाई या चोरी नहीं
शराब, भांग या अन्य नशे का सेवन कर हुड़दंग करने वालों पर सख्ती
अश्लील/अनैतिक शब्दों का प्रयोग और जबरन चंदा वसूली पर प्रतिबंध
रंग-गुलाल विक्रेताओं को भी निर्देशित किया गया कि शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले केमिकल रंगों की बिक्री न करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई होगी।
सौहार्द की अपील, सतर्कता का संदेश

बैठक में क्षेत्रवासियों को होली और रमजान की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई। किसी भी प्रकार की विवादित स्थिति बनने पर तत्काल थाना तिल्दा नेवरा की पेट्रोलिंग पार्टी, डायल 112 या कंट्रोल रूम को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि त्योहारों की आड़ में असामाजिक तत्वों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी। तिल्दा नेवरा में इस बार रंग भी होगा, उमंग भी—लेकिन कानून की सख्त निगरानी के साथ।
khojkhbarchhattisgarh hindi news