
खरोरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता
खरोरा। विकासखंड तिल्दा अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बरडीह में होली पर्व उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर रंगों और मुस्कान से सराबोर नजर आया, जहां बच्चों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक विशेषर वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक पर्व है। उन्होंने प्रह्लाद और होलिका की कथा का उल्लेख करते हुए बताया कि होलिका दहन अन्याय और अहंकार के अंत का प्रतीक है।
शिक्षक संजय बंछोर एवं चरित कुमार ध्रुव ने संयुक्त रूप से बच्चों को समझाया कि होली का मुख्य संदेश प्रेम, एकता और भाईचारा है, जो समाज से भेदभाव मिटाकर नई शुरुआत की प्रेरणा देता है।
शाला की प्रधान पाठक श्रीमती हेमकुमारी साहू ने कहा कि यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान और बसंत ऋतु के आगमन का भी प्रतीक है। रंगों के इस उत्सव में जीवन को सकारात्मकता और खुशियों से भरने का संदेश निहित है।
इस अवसर पर शिक्षक भेषकुमार महिलांग एवं श्रीमती मीनाक्षी सिरमौर भी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
khojkhbarchhattisgarh hindi news