शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और यातायात अव्यवस्था को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रकला डॉ. खुमान वर्मा की अपील – सहयोग नहीं करने पर होगी सख्त कार्रवाई

तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता संतोष कुमार यदु
तिल्दा-नेवरा।
शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और बढ़ते यातायात दबाव को लेकर नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा की अध्यक्ष श्रीमती चन्द्रकला डॉ. खुमान वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। पिछले दो दिनों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की अकाल मृत्यु के बाद नगर पालिका अध्यक्ष ने सासाहोली क्षेत्र में पहुंचकर नाली के आगे अतिक्रमण कर बनाए गए दुकानों के हिस्सों पर बुलडोजर चलवाकर कार्रवाई करवाई।
नगर पालिका अध्यक्ष ने शहर के व्यापारियों से अपील करते हुए कहा है कि वे शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने में सहयोग करें। दुकानदार अपने सामान को सड़क तक न फैलाएं और दुकानों के सामने अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े न करें। इसके लिए व्यापारियों को तीन दिन का समय दिया गया है। समय सीमा के बाद भी स्थिति नहीं सुधरी तो नगर पालिका द्वारा सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा।
यातायात जाम का मुख्य कारण
तिल्दा-नेवरा एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है। यहां सिमगा-खरोरा रोड पर सुबह से शाम तक सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े रहते हैं। दुकानदारों द्वारा सामान सड़क तक फैलाना और ट्रक खड़ा कर लोडिंग-अनलोडिंग करना भी जाम का बड़ा कारण बन रहा है। दोनों ओर खड़े वाहनों से सड़क संकरी हो जाती है और दूसरे वाहन चालकों को निकलने में भारी परेशानी होती है।

रेलवे स्टेशन के सामने अव्यवस्था
रेलवे स्टेशन के सामने बिना किसी पार्किंग व्यवस्था के कई व्यापारियों द्वारा सड़क पर ही वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यात्रियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
भारी वाहनों का लगातार आवागमन
इस मार्ग से चौबीसों घंटे भारी वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में जब ट्रक या बड़े वाहन क्रॉस करते हैं तो हादसे का खतरा बना रहता है। स्कूल खुलने के बाद इसी रास्ते से कई स्कूल बसें और बच्चों के वाहन गुजरते हैं, जिससे जोखिम और बढ़ जाता है।
बाईपास रोड की लंबे समय से मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि तिल्दा-नेवरा में बाईपास रोड नहीं होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही शहर के अंदर से ही होती है। यही वजह है कि आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लोगों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द बाईपास रोड निर्माण की मांग की है।
विधायक कार्यालय के सामने भी अव्यवस्थित पार्किंग
शहर में सबसे बड़ी विडंबना यह है कि विधायक कार्यालय के सामने ही ट्रक और बसों की बेतरतीब पार्किंग लंबे समय से हो रही है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
अब देखना यह होगा कि नगर पालिका अध्यक्ष की अपील और चेतावनी का शहर के व्यापारियों पर कितना असर पड़ता है और आने वाले दिनों में तिल्दा-नेवरा की यातायात व्यवस्था कितनी सुधर पाती है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news