Breaking News

बीजापुर में नाबालिग छात्राएं प्रेग्नेंट!  “बेटी बचाओ” के दावों पर उठे सवाल, CKS प्रवक्ता गजेंद्ररथ गर्व ने सरकार को घेरा

Khojkhbarchhattisgarh.com

रायपुर खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता

बीजापुर/रायपुर।
छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्र बीजापुर से सामने आए नाबालिग छात्राओं के गर्भवती होने के मामले ने प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पोटा केबिन छात्रावास में पढ़ने वाली छात्राओं के प्रेग्नेंट होने की खबर के बाद प्रदेश की सबसे बड़ी गैर राजनीतिक संगठन छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश प्रवक्ता गजेंद्ररथ गर्व ने सरकार पर तीखा हमला बोला है।

गजेंद्ररथ गर्व ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए शर्मनाक घटना बताते हुए कहा कि रहवासी छात्रावास में रहने वाली नाबालिग बच्चियों का गर्भवती होना स्पष्ट रूप से शारीरिक शोषण का मामला है। उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी छात्रावासों में ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें अधीक्षक या उनके परिजन तक दोषी पाए गए थे।

उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान इस मामले पर बहस में शिक्षा मंत्री द्वारा छात्राओं के छुट्टी के दौरान अपने गृह ग्राम से गर्भवती होने की बात कहना जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने जैसा है, जो सरकार के लिए शर्मनाक है।

प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही सरकारें ऐसे मामलों में एक-दूसरे पर आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से बचती रही हैं, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की बेटियां शोषण का शिकार हो रही हैं। “छत्तीसगढ़ को महतारी की संज्ञा दी जाती है, लेकिन इसी धरती पर नारी अस्मिता दागदार हो रही है,” उन्होंने कहा।

गजेंद्ररथ गर्व ने यह भी कहा कि वनांचल में जिस विकास का दावा सरकारें करती हैं, उसकी सच्चाई लगातार ऐसी घटनाओं से सामने आ रही है। उन्होंने नक्सलवाद खत्म करने के दावों और कॉरपोरेट प्रभाव को लेकर भी सवाल उठाए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि रत्नगर्भा छत्तीसगढ़ महतारी को जिस तेजी से वैभवविहीन किया जा रहा है, उससे स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है और आने वाले समय में इसका परिणाम देखने को मिल सकता है।

गर्व ने बताया कि उनकी गैर राजनीतिक संगठन छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना लगातार प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ आवाज उठा रही है। संगठन के संरक्षक दादा ठाकुर राम गुलाम सिंह भी राजधानी में जनसरोकार के मुद्दों पर लगातार मुखर रहते हैं, जिससे प्रदेश भर के लोगों का भरोसा संगठन से जुड़ रहा है।

अंत में उन्होंने सरकार से मांग की कि वनांचल क्षेत्रों में छात्रावासों में रह रही बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, क्योंकि प्रदेश की बेटियों को बाहर राज्यों में बेचने और शारीरिक शोषण के मामले भी लगातार सामने आते रहे हैं।

About Santosh Kumar

Check Also

तिल्दा ब्लॉक में अवैध ईंट भट्ठों का जाल, धुएं और राख से ग्रामीणों का जीवन दूभर

Khojkhbarchhattisgarh.com तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता रायपुर/तिल्दा-नेवरा।रायपुर जिले के तिल्दा ब्लॉक में अवैध लाल …