Breaking News

ग्राम टांडा में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी व छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना का सदस्यता अभियान, युवाओं व महिलाओं की बढ़ी भागीदारी

Khojkhbarchhattisgarh.com

रायपुर खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता

धरसीवां (रायपुर)। धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत टांडा में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के तत्वावधान में एक संगठनात्मक बैठक एवं सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया, जिसमें युवाओं और महिलाओं की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। कई लोगों ने संगठन की विचारधारा से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम टांडा के ऐतिहासिक महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि यहां छत्तीसगढ़ में पहली बार छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति के साथ जैतखाम और बूढ़ा देव की स्थापना की गई थी। इसे छत्तीसगढ़ियों को एकजुट करने, जात-पात से ऊपर उठकर समाज को जोड़ने तथा छत्तीसगढ़ियावाद की भावना को मजबूत करने का प्रतीक माना जाता है।

बैठक में संगठन की मूल विचारधारा, छत्तीसगढ़िया अस्मिता, स्थानीय अधिकारों की रक्षा और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए गैस सिलेंडर की उपलब्धता में समस्या, बिजली बिल में बढ़ोतरी, हसदेव जंगल की कटाई, बस्तर क्षेत्र में बाहरी लोगों का बढ़ता प्रभाव, बेरोजगारी, युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, महंगाई सहित विभिन्न सामाजिक समस्याओं पर गंभीर विमर्श किया।

इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में शामिल ग्रामवासियों ने संगठन से जुड़ने की सहमति जताई और भविष्य में जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा, जल-जंगल-जमीन और स्थानीय अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा। साथ ही आरोप लगाया गया कि वर्तमान सरकार बदले की भावना से संगठन को कमजोर करने का प्रयास कर रही है तथा प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को जेल में डालकर छत्तीसगढ़ियावाद की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। बावजूद इसके संगठन ने स्पष्ट किया कि आंदोलन रुकने वाला नहीं है।

वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ियावाद की आवाज उठाने के कारण आज भी प्रदेश के कई पदाधिकारी जेल में बंद हैं, जिनमें अमित बघेल (प्रदेश अध्यक्ष, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी), डॉ. अजय यादव (प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना) तथा दिनेश वर्मा (केंद्रीय सदस्य, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी) शामिल हैं। इसके बावजूद संगठन के कार्यकर्ता और समर्थक पूरे प्रदेश में आंदोलन और संगठन विस्तार को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।

कार्यक्रम का समापन संगठन की एकता, मजबूती और संघर्ष के संकल्प के साथ किया गया।

About Santosh Kumar

Check Also

तिल्दा ब्लॉक में अवैध ईंट भट्ठों का जाल, धुएं और राख से ग्रामीणों का जीवन दूभर

Khojkhbarchhattisgarh.com तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता रायपुर/तिल्दा-नेवरा।रायपुर जिले के तिल्दा ब्लॉक में अवैध लाल …