Breaking News

ग्राम पंचायत मुरेठी की अनूठी पहल: कन्यादान योजना से बेटियों के विवाह में सहयोग

Khojkhbarchhattisgarh.com

रायपुर खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता

मुरेठी ग्राम पंचायत मुरेठी में सरपंच श्रीमती रूखमणी उमेश निषाद द्वारा शुरू की गई कन्यादान योजना लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। अपने चुनावी घोषणा पत्र के अनुरूप सरपंच द्वारा गांव की बेटियों के विवाह में आर्थिक एवं आवश्यक सामग्री के रूप में सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

सरपंच श्रीमती निषाद ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में उन्होंने 18वीं बेटी के विवाह में कन्यादान स्वरूप 5 हजार रुपये का चेक, एक कूलर एवं एक ड्रेसिंग टेबल भेंट किया। इस पहल से न केवल गांव बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी सराहना हो रही है।

सरपंच प्रतिनिधि उमेश निषाद ने बताया कि इस योजना की शुरुआत चुनाव जीतने के बाद की गई थी। प्रारंभिक वर्ष में 11 बेटियों को 5 हजार रुपये एवं डिनर सेट प्रदान किया जाता था। समय के साथ और स्थानीय प्लांट के सहयोग से अब योजना का विस्तार किया गया है, जिसके तहत हर बेटी के विवाह में 5 हजार रुपये का चेक, कूलर और ड्रेसिंग सामग्री दी जा रही है।

इसी क्रम में आज ग्राम के वरिष्ठ नागरिक अर्जुन निषाद की सुपुत्री भवानी निषाद के विवाह में कन्यादान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सरपंच, उपसरपंच, पंचगण एवं ग्राम सभा अध्यक्ष सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़े को सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद दिया।

ग्राम पंचायत की इस सराहनीय पहल से गांव के लोगों में खुशी का माहौल है और इसे समाज में एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।

About Santosh Kumar

Check Also

आदिवासी बनाम वनवासी विवाद पर कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन

Khojkhbarchhattisgarh.com खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता खरोरा, 30 मई 2026। आदिवासी कांग्रेस कमेटी ब्लॉक खरोरा के …