
रायपुर खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
धरसींवा (बरतोरी-सिलयारी), 30 मार्च 2026।
धरसींवा विकासखंड के ग्राम बरतोरी और सिलयारी क्षेत्र में गैस सिलेंडर वितरण में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गैस सिलेंडरों में निर्धारित 14.200 किलो वजन के बजाय 2 से 3 किलो तक कम गैस भरी जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2026 को देवेन्द्र भारत गैस वितरण, सिलयारी की रिफिलिंग गाड़ी (क्रमांक RJ43GA7630) ग्राम बरतोरी पहुंची थी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण गैस लेने पहुंचे, लेकिन कई उपभोक्ताओं को 56 दिन से लेकर 5 माह तक गैस सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायत सामने आई। जबकि नियम अनुसार 45 दिन बाद उपभोक्ता गैस लेने के पात्र होते हैं।
विरोध पर चालक मौके से फरार
ग्रामीणों द्वारा सिलेंडर के कम वजन का विरोध करने पर वाहन चालक मौके से गाड़ी लेकर भाग निकला। ग्रामीणों ने पीछा कर वाहन को ग्राम तर्रा में रोका और एजेंसी संचालक से फोन पर संपर्क कर स्थिति से अवगत कराया।
पहले भी हो चुकी है शिकायत, कार्रवाई नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा एजेंसी संचालक द्वारा दबाव बनाकर ग्रामीणों को डराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस चौकी में भी नहीं पहुंचे संचालक
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों को पुलिस चौकी सिलयारी बुलाया गया, लेकिन संबंधित एजेंसी संचालक वहां भी उपस्थित नहीं हुआ, जिससे लोगों में और नाराजगी बढ़ गई है।
संगठनों ने उठाई आवाज
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी तथा
छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना (जिला रायपुर ग्रामीण) के पदाधिकारियों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संगठनों ने कहा कि आपदा को अवसर बनाकर आम जनता का शोषण करने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
khojkhbarchhattisgarh hindi news