रामायण कथा, भजन-कीर्तन और मंडलियों की प्रस्तुति से सजा धार्मिक माहौल

खरोरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
खरोरा (छड़िया):
ग्राम छड़िया में इन दिनों रामनाम की मधुर गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। 29 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित रामायण कथा एवं रामायण पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं। गांव का बाजार चौक भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चारण से एक धार्मिक धाम का रूप ले चुका है।
कार्यक्रम की शुरुआत 29 मार्च को शाम 4 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। इसके बाद से निरंतर कथावाचकों द्वारा रामायण कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया जा रहा है, जिससे लोग भावविभोर हो रहे हैं।

इस धार्मिक आयोजन में विभिन्न मानस मंडलियों ने अपनी सशक्त प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इनमें जय सिद्धेश्वर मानस मंडली (देवरतिल्दा), भूमिजा महिला मंडली (गुड़ियारी रायपुर), शोर संदेश मानस परिवार (खैरझिटी महासमुंद), तुलसी के राम मानस मंडली (राजिम) एवं साई कृपा मानस मंडली (जीवतरा) शामिल हैं।
आयोजन समिति के अध्यक्ष पूरन देवांगन, उपाध्यक्ष दुकल्हा राम वर्मा, कोषाध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव लखन लाल वर्मा, सहसचिव बलराम वर्मा, इंद्र कुमार वर्मा, आशीष (पंकज) वर्मा, मंच संचालन नरेंद्र राज साहू एवं मंच संयोजक कमलेश कुमार साहू ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
रामायण पाठ का समापन 1 अप्रैल को होगा। इसके पश्चात 2 अप्रैल को हनुमान प्रकटोत्सव के अवसर पर हनुमान चालीसा पाठ, पूजा-अर्चना, आरती एवं महाभोग भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है तथा प्रसाद वितरण की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news