सीएसआर मद से विकास कार्यों की भी सौगात, मोतियाबिंद मरीजों का होगा निशुल्क ऑपरेशन

तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर छत्तीसगढ़ तिल्दा-नेवरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत बिनैका में संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड के सौजन्य से समता फाउंडेशन एवं एमजीएम हॉस्पिटल रायपुर, उपाध्याय हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के जरूरतमंद लोगों को सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना रहा।
इस चिकित्सा शिविर में आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर नेत्र जांच, रक्त जांच, बीपी, शुगर एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया। विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों को उचित उपचार एवं परामर्श दिया गया तथा आवश्यकता अनुसार आगे के इलाज के लिए पंजीयन भी किया गया।

शिविर के दौरान 3 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिन्हें रायपुर ले जाकर निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। ऑपरेशन से संबंधित आवागमन एवं रहने की पूरी व्यवस्था भी संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड द्वारा की गई है।
इस अवसर पर कंपनी की सीएसआर हेड श्रीमती शीतल गोयल ने बताया कि संस्था समय-समय पर इस प्रकार के शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों की सहायता करती रही है। उन्होंने कहा कि छोटी बीमारियों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय पर डॉक्टर से परामर्श लेना जरूरी है। उनका उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ एवं निरोग बनाना है।
शिविर में निःशुल्क दवाइयों एवं नजर के चश्मों का भी वितरण किया गया।
इसके साथ ही कंपनी द्वारा सीएसआर मद से ग्राम पंचायत बिनैका में विभिन्न विकास कार्य भी कराए गए हैं, जिनमें शाला में रंगमंच निर्माण, सड़कों का कांक्रीटीकरण तथा मंदिर के पास रंगमंच एवं कक्ष निर्माण शामिल हैं।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बिनैका के सरपंच मुकेश बंजारे, उपसरपंच कमलेश ध्रुव, पंचगण एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिविर को सफल बनाने में संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड के एम.जी.के. मूर्ति, सुचिता जैन, लक्ष्मी, राकेश कुमार निर्मलकर एवं जितेंद्र वर्मा का विशेष सहयोग रहा है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news