
तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)
तहसील तिल्दा क्षेत्र अंतर्गत साहू समाज परिक्षेत्र किरना द्वारा एक बेहद गंभीर मामले को लेकर प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में 6 वर्ष की मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 29 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है, जब एक मासूम बच्ची गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। इसी दौरान आरोपी राजकुमार उर्फ राजा वर्मा द्वारा बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के बाद बच्ची को गंभीर हालत में फेंक दिया गया, जिसे ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

साहू समाज ने इस घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला चलाकर उसे कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की सजा दी जाए। साथ ही पीड़िता एवं उसके परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार की घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं और इससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। समाज के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के अपराधों पर रोक लग सके।
ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को भी भेजी गई है, जिसमें मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शामिल हैं।
समाज की चेतावनी
साहू समाज ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा।
khojkhbarchhattisgarh hindi news