
तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
तिल्दा-नेवरा, 03 जून 2026।
रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत अवैध मादक पदार्थों के परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 किलो 770 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित लगभग 3 लाख 46 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई थी कि सासाहोली ओवरब्रिज के नीचे दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG-22-AF-6686 में गांजा लेकर बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद लाल-पीले रंग के थैले से तीन सफेद पॉलीथीन पैकेट बरामद किए गए, जिनमें कुल 5 किलो 770 ग्राम गांजा मिला। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल और एक कार्बन कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन भी जप्त किया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
● हिमालय वर्मा उर्फ प्रिंस (30 वर्ष), निवासी इंदिरा कॉलोनी, बलौदाबाजार।
● शिव वर्मा (20 वर्ष), निवासी दशरभा रोड, बलौदाबाजार।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
यह कार्रवाई रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम में उप निरीक्षक विकास देशमुख, आरक्षक महेन्द्र वर्मा, संदीप सिंह एवं किशोर शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
khojkhbarchhattisgarh hindi news