Breaking News

भारी बारिश भी नहीं रोक सकी मजदूरों की लड़ाई, शौर्य इस्पात गेट पर डटे रहे श्रमिक, आखिरकार 15 दिन में भुगतान पर बनी सहमति

Khojkhbarchhattisgarh.com

तिल्दा-नेवरा (रायपुर)। तिल्दा-नेवरा विकासखंड के ग्राम पंचायत बहेसर स्थित शौर्य इस्पात उद्योग प्रा. लि. यूनिट-2 के मुख्य गेट पर शुक्रवार को मजदूरों के बकाया भुगतान को लेकर शुरू हुआ धरना-प्रदर्शन देर तक जारी रहा। मूसलाधार बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी मैदान छोड़ने को तैयार नहीं हुए। बारिश से बचने के लिए तिरपाल ओढ़कर मजदूर, ठेकेदार और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारी धरने पर डटे रहे। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद लोग कहते नजर आए कि “ऐसा धरना-प्रदर्शन पहली बार देखने को मिला है।”
धरना का नेतृत्व छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कंपनी द्वारा इंसुलेशन कार्य कराने वाले ठेकेदार का लगभग 9 लाख 17 हजार रुपये का भुगतान लंबे समय से लंबित है, जिससे मजदूरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरने के दौरान संगठन ने केवल बकाया भुगतान ही नहीं, बल्कि मजदूरों के ESIC, PF, सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था और श्रमिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक अधिकारी और तिल्दा थाना पुलिस बड़ी संख्या में तैनात रही।
धरना कई घंटों तक जारी रहने के बाद कंपनी प्रबंधन ने ठेकेदार, मजदूर प्रतिनिधियों और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारियों को चर्चा के लिए बुलाया। लंबी वार्ता के बाद समझौता हुआ कि कंपनी प्रबंधन 15 दिनों के भीतर बकाया राशि का भुगतान करेगा। इस आश्वासन के बाद दोनों पक्षों की सहमति से धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया।
धरने के दौरान ठेकेदार की ओर से वर्क ऑर्डर, माप-पुस्तिका (Measurement Sheet) और बिलों की प्रतियां भी प्रस्तुत की गईं, जिनमें शौर्य इस्पात उद्योग में किए गए इंसुलेशन कार्य का विवरण दर्ज है। इन दस्तावेजों के आधार पर ठेकेदार ने अपने भुगतान के दावे को सही बताया।
हालांकि, कंपनी प्रबंधन की ओर से इस मामले में सार्वजनिक रूप से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इसलिए भुगतान और अन्य आरोपों के संबंध में कंपनी का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

About Santosh Kumar

Check Also

गौरी गणेश कंपनी मढ़ी बंजारी ने पेश की मानवता की मिसाल, मृतक मजदूर के परिवार को दी आर्थिक सहायता और नौकरी का आश्वासन

Khojkhbarchhattisgarh.com तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता तिल्दा-नेवरा।मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत …