
तिल्दा नेवरा खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता संतोष यदु
तिल्दा-नेवरा। तिल्दा-नेवरा क्षेत्र की विभिन्न विकास संबंधी मांगों को लेकर भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दीपक शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का राजकीय गमछा एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल को करीब 30 मिनट का समय दिया। इस दौरान विभिन्न मांगों पर विषयवार चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कई मुद्दों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली, जिस पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा आवश्यक विवरण एवं दस्तावेज प्रस्तुत किए गए।
रिंग रोड और फोरलेन सड़क की मांग प्रमुख
प्रतिनिधिमंडल ने तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में रिंग रोड/बाईपास मार्ग निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही राज्यमार्ग क्रमांक-20 सिमगा-तिल्दा-नेवरा-खरोरा होते हुए आरंग मार्ग को भारत सरकार के माध्यम से फोरलेन अथवा बाईपास सड़क के रूप में स्वीकृत कराने की मांग रखी गई।
बताया गया कि यह मार्ग क्षेत्र के महत्वपूर्ण मार्गों को जोड़ता है और इसके विकास से तिल्दा-नेवरा सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिल सकती है। मुख्यमंत्री ने सड़क का मानचित्र एवं संबंधित जानकारी का अवलोकन किया तथा विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।
तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से प्रारंभ एवं समाप्त होने वाली ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि छत्तीसगढ़ के बेमेतरा और कबीरधाम जैसे रेल विहीन जिला मुख्यालयों की जनता के लिए तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन नजदीकी प्रमुख रेल सुविधा केंद्र के रूप में उपयोगी हो सकता है। ट्रेनों के ठहराव से इन जिलों सहित आसपास के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 18247/18248 बिलासपुर-रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस का दुर्ग तक विस्तार करने अथवा दुर्ग से रीवा के बीच नई ट्रेन प्रारंभ करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।
विद्युत मंडल संभागीय कार्यालय खोलने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने तिल्दा-नेवरा में विद्युत मंडल का संभागीय कार्यालय खोलने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। क्षेत्र के विस्तार एवं उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्थानीय स्तर पर विद्युत विभाग का संभागीय कार्यालय होने से लोगों को विभागीय कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखी गई सभी मांगों को विस्तारपूर्वक सुना और आवश्यक कार्रवाई को लेकर आश्वस्त किया।
इस दौरान भाजपा नेता दीपक शर्मा, भाजपा तिल्दा-नेवरा ग्रामीण मंडल महामंत्री एवं अधिवक्ता दिनेश गायकवाड, भाजपा शहर उपाध्यक्ष सौरभ जैन, प्रेस क्लब तिल्दा-नेवरा के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप वर्मा तथा उद्योगपति केदार शर्मा उपस्थित रहे।
khojkhbarchhattisgarh hindi news