
कांकेर खोज खबर छत्तीसगढ़ संवाददाता
कांकेर/भानुप्रतापपुर। तहसील भानुप्रतापपुर के ग्राम पंचायत भानबेड़ा के आश्रित ग्राम तूतारभरी के ग्रामीण लंबे समय से खराब सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। सड़क के डामरीकरण एवं मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शिवसेना पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट कांकेर पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और तत्काल सड़क का सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कराने की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार भानुप्रतापपुर-कांकेर मुख्य मार्ग से भानबेड़ा होते हुए तूतारभरी गांव की दूरी लगभग 2 किलोमीटर है। गांव तक सड़क का निर्माण तो किया गया है, लेकिन अब तक उसका डामरीकरण नहीं होने के कारण सड़क जगह-जगह से उखड़कर जर्जर हो गई है। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण बीमार एवं जरूरतमंद लोगों को अस्पताल ले जाने वाली एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों को भी गांव तक पहुंचने में दिक्कत होती है। बारिश के मौसम में समस्या और बढ़ जाती है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि भानुप्रतापपुर-कांकेर मुख्य मार्ग से तूतारभरी तक सड़क का जल्द से जल्द डामरीकरण कराया जाए, ताकि गांव के सैकड़ों परिवारों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
विकास के दावों पर शिवसेना ने उठाए सवाल
इस दौरान शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार विकास कार्यों का दावा कर रही है, लेकिन कांकेर-भानुप्रतापपुर मुख्य मार्ग से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव की सड़क का वर्षों से डामरीकरण नहीं होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
शिवसेना ने प्रशासन से मांग की है कि तूतारभरी पहुंच मार्ग का शीघ्र सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कराया जाए। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो शिवसेना क्षेत्र की जनता को साथ लेकर जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों से जुड़ी बुनियादी सुविधा है। इसलिए प्रशासन को इस समस्या का शीघ्र निराकरण करना चाहिए।
khojkhbarchhattisgarh hindi news