40 – 50 साल पुराने मकानों पर संकट, पुनर्वास
अंडरब्रिज की मांग को लेकर किया गया धरना प्रदर्शन
शासन की ओर से एक सप्ताह तक का रहात समय दिया गया है

ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता तिल्दा-नेवरा संतोष कुमार यदु
तिल्दा-नेवरा।
तिल्दा-जोता मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण के विरोध में सोमवार को वार्ड क्रमांक 18 ,16,19 सहित आसपास के वार्डवासियों ने डॉ. खूबचंद बघेल चौक पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि प्रस्तावित ओवरब्रिज का निर्माण इसी स्थान पर किया गया, तो सड़क किनारे बसे 40 से 50 वर्ष पुराने दर्जनों मकान उजड़ जाएंगे, जिससे सैकड़ों परिवार बेघर हो जाएंगे।
धरना दे रहे लोगों ने बताया कि रेलवे विभाग द्वारा सड़क किनारे स्थित घरों को अतिक्रमण बताकर हटाने का नोटिस दिया गया है, जबकि इन मकानों के मालिक नगर पालिका को नियमित रूप से संपत्ति कर, बिजली बिल व अन्य टैक्स अदा करते आ रहे हैं। घरों में विधिवत बिजली कनेक्शन हैं और वे दशकों से यहां रह रहे हैं। बावजूद इसके, बिना पुनर्वास की कोई ठोस व्यवस्था किए घर तोड़ने की तैयारी की जा रही है, जो अन्यायपूर्ण है।


रैली निकालकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
धरना-प्रदर्शन के बाद वार्डवासी रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर ओवरब्रिज योजना पर पुनर्विचार की मांग की। प्रदर्शन में कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी एवं पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
जनहित में अंडरब्रिज बनाने की मांग

कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी जी ने कहा कि जिस स्थान पर ओवरब्रिज प्रस्तावित है, वहां निर्माण होने से भविष्य में यातायात की गंभीर समस्या उत्पन्न होगी। उन्होंने रेल प्रशासन से जनहित में ओवरब्रिज योजना निरस्त कर अंडरब्रिज निर्माण की मांग की। साथ ही कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों का समुचित पुनर्वास नहीं किया जाता, तब तक किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ स्वीकार नहीं की जाएगी।
मंत्रियों से चर्चा का आश्वासन

पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा ने वार्डवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी एवं रेल मंत्री से मुलाकात कर चर्चा करेंगी। उन्होंने कहा कि तिल्दा-नेवरा एवं आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के बढ़ने से यातायात पहले ही अत्यधिक हो गया है। ऐसे में यहां ओवरब्रिज निर्माण से आम नागरिकों को और परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास का विरोध नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर लोगों के घर उजाड़ना स्वीकार्य नहीं है।
बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित
धरना-प्रदर्शन में पार्षद पूर्णिमा सनत सेन जी , पूर्व पार्षद जितेंद्र सेन जी , कर्मचारी नेता रामावतार पाण्डेय जी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवदास टंडन जी, विजय हरिरामानी जी, हर्षवर्धन शर्मा जी, सूरज अहिरवार जी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल हुए।
khojkhbarchhattisgarh hindi news