कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा का ‘संगीत’ जारी : राजेंद्र पप्पू बंजारे

ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता तिल्दा-नेवरा
तिल्दा-नेवरा: रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने खरोरा से तिल्दा और सिमगा होते हुए जाने वाले प्रमुख मार्ग को फोरलेन किए जाने की मांग को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग केवल क्षेत्र की जीवनरेखा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास की रीढ़ है, इसके बावजूद भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि पूरी तरह मौन हैं।
राजेंद्र पप्पू बंजारे ने बताया कि खरोरा–तिल्दा–सिमगा मार्ग से होकर प्रदेश की कई बड़ी औद्योगिक इकाइयाँ जुड़ी हुई हैं। तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में सेंचुरी सीमेंट (बैकुंठ), गोडावरी पावर एंड इस्पात, श्री बजरंग पावर एंड इस्पात, संभव स्पंज पावर, खरोरा व आसपास डालमिया सीमेंट की प्रस्तावित यूनिट तथा अदानी पावर प्लांट जैसी परियोजनाएं संचालित या प्रस्तावित हैं। इन उद्योगों से प्रतिदिन सैकड़ों भारी वाहन गुजरते हैं, जिससे मार्ग पर लगातार दबाव बना रहता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह सड़क दो लेन होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं, यातायात जाम और परिवहन लागत में वृद्धि हो रही है। इसका सीधा असर आम जनता के साथ-साथ औद्योगिक उत्पादन, श्रमिकों की सुरक्षा और व्यापार पर पड़ रहा है।
राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कटाक्ष करते हुए कहा कि इसी क्षेत्र से आने वाले कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा होने के बावजूद सड़क के विकास को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा, “मंत्री जी जहां भी जाते हैं, वहां गाना गाते नजर आते हैं, लेकिन क्षेत्र की मूलभूत जरूरतें—सड़क, सुरक्षा और सुविधा—उनकी प्राथमिकता में नहीं हैं।”
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार से तत्काल खरोरा–तिल्दा–सिमगा मार्ग को फोरलेन करने, इसके लिए बजट आवंटन कर कार्य प्रारंभ करने की मांग की। साथ ही तिल्दा शहर को बाईपास करने के लिए अलग मार्ग बनाए जाने की भी आवश्यकता बताई, ताकि शहर के भीतर यातायात दबाव कम हो सके।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी और सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को उठाया जाएगा।

khojkhbarchhattisgarh hindi news