ग्राम पंचायत मोहदा में प्रशासनिक मर्यादा तार-तार, डीईओ से शिकायत

ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता रायपुर
रायपुर तिल्दा-नेवरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहदा (तरपोंगी) में सरपंच पति और शिक्षक द्वारा पंचायत कार्यों में खुलेआम दखल देने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर को लिखित शिकायत भेजकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से जुड़े सरपंच पति शिक्षक पंचायत कार्यालय में बैठकर पंचायत के प्रशासनिक कार्यों में हस्तक्षेप करते रहे हैं। ग्रामीणों और पंचायत सदस्यों का आरोप है कि उक्त शिक्षक पंचायत बैठकों में दबाव बनाते हुए निर्णय प्रभावित करने की कोशिश करते हैं।
जांच टीम भी बेअसर, शिकायतें दबाने का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, इस मामले की शिकायत पूर्व में विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं जांच टीम को भी दी गई थी। करीब 40 ग्रामीणों द्वारा लिखित बयान दर्ज कराए गए, वहीं पंचायत के 20 सदस्यों में से 14 सदस्यों ने शिक्षक की सक्रिय भूमिका की पुष्टि की। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
तहसीलदार के सामने बढ़ा विवाद

दिनांक 07 नवंबर 2025 को तहसीलदार तिल्दा–नेवरा के समक्ष पंचायत कार्यालय में विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच पति शिक्षक पंचायत कार्यालय में मौजूद रहकर बहस और दबाव बना रहे थे। स्थिति बिगड़ने पर तहसीलदार ने शिक्षक को तत्काल पंचायत बैठक कक्ष से बाहर जाने का मौखिक आदेश दिया।
उपस्थिति पंजी और सूचना अधिकार से खुलासा
सूचना अधिकार के तहत प्राप्त दस्तावेजों में सामने आया है कि घटना के दिन शिक्षक ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वे नियमित रूप से पंचायत कार्यों में शामिल रहते हैं। पंचायत का आरोप है कि शिक्षक को राजनीतिक और संस्थागत संरक्षण प्राप्त होने के कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही।
पंचायत की मांग – अन्यत्र स्थानांतरण

ग्राम पंचायत मोहदा ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि प्रशासनिक निष्पक्षता बनाए रखने और पंचायत व्यवस्था को स्वतंत्र रखने के लिए संबंधित शिक्षक पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए अन्यत्र स्थानांतरण किया जाए।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन पंचायत की स्वायत्तता की रक्षा करेगा, या रसूख के आगे नियम फिर झुकेंगे?
khojkhbarchhattisgarh hindi news