एफसीआई गोदाम के पास बिक्री की फिराक में खड़ा था आरोपी, 1.165 किलो गांजा जब्त

तिल्दा-नेवरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु
रायपुर | 11 जनवरी 2026
नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस का विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” लगातार असर दिखा रहा है। इसी कड़ी में तिल्दा-नेवरा क्षेत्र से गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने गांजा के साथ एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी, खरीदी-बिक्री पर कड़ा शिकंजा कसा जा रहा है।
एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र अंतर्गत एफसीआई गोदाम के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर खड़ा है और बिक्री की तैयारी में है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसीसीयू एवं थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम तूफान देवार निवासी तिल्दा बताया। तलाशी लेने पर उसके थैले से 1.165 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 58 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 17/2026, धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिसंगत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम – तूफान देवार
पिता – ननकू दाउ देवार
उम्र – 46 वर्ष
निवासी – वार्ड क्रमांक 15, तिल्दा
थाना – तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर
ऑपरेशन निश्चय के तहत रायपुर पुलिस का स्पष्ट संदेश — नशे का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
khojkhbarchhattisgarh hindi news