रश्मि वर्मा की पहल को समाज का मिला खुला समर्थन

तिल्दा-नेवरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु
खरोरा। नगर खरोरा में महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत निःशुल्क सिलाई मशीन प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम से नगर सहित आसपास के क्षेत्रों की अनेक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं और सिलाई-कढ़ाई में दक्षता हासिल कर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रही हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नगर खरोरा की पूर्व पार्षद, तिल्दा राज अध्यक्ष, मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज की पदाधिकारी एवं भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा रायपुर ग्रामीण की अध्यक्ष श्रीमती रश्मि वर्मा के विशेष प्रयासों से प्रारंभ किया गया है। उनके नेतृत्व में यह पहल आज महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को न केवल व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, बल्कि उन्हें स्वरोजगार एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम समाज में निरंतर चलने चाहिए, जिससे महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिल सके।

इस पुनीत पहल से प्रेरित होकर नगर खरोरा के अजय कुमार वर्मा ने अपने दादा स्वर्गीय मनराखन लाल वर्मा की स्मृति में एक सिलाई मशीन दान स्वरूप प्रदान की। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षण देने वाली दीदी को प्रतिमाह ₹1000 सहयोग राशि देने की घोषणा भी की।
वहीं तिल्दा राज के राज प्रधान ठाकुर राम वर्मा ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्रशिक्षण कार्य के लिए प्रतिमाह ₹3000 सहयोग राशि देने की घोषणा की, जो प्रशिक्षण देने वाली दीदी को प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर अजय कुमार वर्मा द्वारा महिला सशक्तिकरण हेतु किए जा रहे प्रयासों के लिए श्रीमती रश्मि वर्मा को साल भेंट कर सम्मानित किया गया। श्रीमती वर्मा ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी वे इस तरह के सामाजिक एवं महिला हितैषी कार्यों में सदैव सहयोग करती रहेंगी।
नगर खरोरा में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रहा है और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता जा रहा है।

khojkhbarchhattisgarh hindi news