मज़ाक पड़ा भारी!झूठी सूचना देने वाला असामाजिक

तिल्दा-नेवरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता
तिल्दा नेवरा (रायपुर)।
डायल 112 को गंभीर संज्ञेय अपराध की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाले आरोपी पर तिल्दा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भरत ध्रुव, निवासी तिल्दा ने देर रात्रि करीब 01:00 बजे डायल 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि रेलवे स्टेशन तिल्दा के पास मौली मंदिर क्षेत्र में गंभीर अपराध घटित हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डायल 112 टीम तथा थाना तिल्दा नेवरा प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी दल-बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
मौके पर जांच करने पर पुलिस को किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना नहीं मिली। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कॉलर द्वारा दी गई सूचना पूरी तरह झूठी और भ्रामक थी।
पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने एवं कानून व्यवस्था को प्रभावित करने के आरोप में आरोपी के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को एसडीएम न्यायालय तिल्दा नेवरा में प्रस्तुत किया गया, जहां अनुविभागीय दंडाधिकारी द्वारा असामाजिक तत्व मानते हुए जेल वारंट जारी किया गया। वर्तमान में आरोपी केंद्रीय जेल रायपुर में निरुद्ध है।
आरोपी का विवरण :
नाम – भरत ध्रुव
पिता – सुखराम ध्रुव
उम्र – 42 वर्ष
पता – वार्ड क्रमांक 19, तिल्दा
थाना – तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर (छ.ग.)
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग न करें, झूठी सूचना देना दंडनीय अपराध है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news