बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने अतिथियों का मन मोहा

ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता
जांजगीर-चांपा।
जिले के बलौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोसमंदा में संचालित नर्मदा इंग्लिश स्कूल परिसर में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों एवं जनमानस का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणमान्य अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति में मां सरस्वती, भगवान गणेश एवं भारत माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की सुंदर प्रस्तुति दी गई।
वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में अंतिम प्रस्तुति तक मंचस्थ अतिथिगण उपस्थित रहकर कार्यक्रम का आनंद लेते रहे तथा बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए सांत्वना पुरस्कार भी वितरित किए।
इस अवसर पर मंच पर प्रमुख रूप से डॉ. रामखिलावन यादव (संपादक – जनादेश 24 न्यूज), डॉ. लक्ष्मीप्रियं स्वर्णकार (चांपा), परमेश्वर स्वर्णकार, ग्राम पंचायत कोसमंदा के सरपंच संजय रत्नाकर, नरसिंग स्वर्णकार, विद्यालय की संचालिका एवं प्राचार्या श्रीमती ओसमती स्वर्णकार सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन मिथलेश सोनी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रामखिलावन यादव ने कहा कि “जब तक जीवन में बाधाएं नहीं आतीं, तब तक व्यक्ति आगे नहीं बढ़ सकता। चुनौतियों का डटकर सामना करने से ही सफलता मिलती है। नर्मदा इंग्लिश स्कूल ने निरंतर परिश्रम और निष्ठा से यह मुकाम हासिल किया है।”
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ओसमती स्वर्णकार ने विद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय के संचालन से जुड़े वर्षों के अनुभव, संघर्ष और स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशीलता, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास एवं छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके और वे आगे चलकर अच्छे नागरिक बनें।
कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं — विजयलक्ष्मी, संजना, सरोजिनी, आकांक्षा, शांति कुंवर, इंदु धीवर, निवेदिता प्रधान, ज्ञानी बरेठ, सीमा बरेठ, अंजली, महेश्वर करियरे, उमा, लक्ष्मी — का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।

khojkhbarchhattisgarh hindi news