थाना तिल्दा नेवरा व एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई से बड़ा खुलासा

तिल्दा नेवरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता संतोष कुमार यदु
तिल्दा नेवरा।
बसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित मड़ई मेला कार्यक्रम के दौरान हुए क्षणिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर 04 आरोपियों एवं विधि से संघर्षरत 01 बालक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी चेतन यादव, निवासी भुरसुदा द्वारा थाना तिल्दा नेवरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका ममेरा भाई अजय यादव (28 वर्ष), निवासी ग्राम भुरसुदा, रणबौर मैदान में बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में आयोजित मड़ई मेला देखने गया था। इसी दौरान किसी अज्ञात आरोपी ने धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजय यादव को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 29/2026 अंतर्गत धारा 103(1), 191(2), 191(3), 190 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई
घटना को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता सिन्हा द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र चतुर्वेदी (विधानसभा) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा व एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। इसी दौरान महत्वपूर्ण सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी बिलासपुर की ओर फरार हो रहे हैं।
घेराबंदी कर 05 आरोपियों की गिरफ्तारी
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर डागेन्द्र यादव, नागेश यादव, धनेन्द्र निषाद, परमेश्वर निषाद एवं विधि से संघर्षरत 01 बालक सहित कुल 05 को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों/अपचारी ने क्षणिक विवाद के चलते हत्या की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 01 नग चाकू एवं 02 मोटरसाइकिल जप्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
1. डागेन्द्र यादव, पिता गोविंद यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम टंडवा, थाना तिल्दा नेवरा, रायपुर
2. नागेश यादव, पिता मुकेश यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम टंडवा, थाना तिल्दा नेवरा, रायपुर
3. धनेन्द्र निषाद, पिता संतोष निषाद, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम टंडवा, थाना तिल्दा नेवरा, रायपुर
4. परमेश्वर निषाद, पिता राजेन्द्र निषाद, उम्र 18 वर्ष 07 माह, निवासी ग्राम टंडवा, थाना तिल्दा नेवरा, रायपुर
5. विधि से संघर्षरत 01 बालक
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

khojkhbarchhattisgarh hindi news