
रायपुर ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता
बिरगांव | 29 जनवरी
राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत बिरगांव नगरीय क्षेत्र के लिए नगर निगम बिरगांव में शहरी स्वास्थ्य उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय महापौर श्री नंदलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही सभापति, नेता प्रतिपक्ष, एमआईसी सदस्य एवं पार्षदगणों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यशाला में जिला प्रबंधक शहरी स्वतंत्र राहंगडाले द्वारा नगरीय क्षेत्र में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन एवं उसमें जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान बिरगांव क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के आँकड़े प्रस्तुत किए गए।
बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन औसतन 133 ओपीडी एवं 75 से 100 प्रसव प्रतिमाह हो रहे हैं। वहीं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरला में प्रतिमाह औसतन 37 प्रसव एवं प्रतिदिन 103 ओपीडी दर्ज की जा रही है। केंद्रों में वय वंदना आयुष्मान कार्ड, सोनोग्राफी, एक्स-रे, सिजेरियन प्रसव, टीकाकरण सहित सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम में परिवार नियोजन अंतर्गत पुरुष एवं महिला नसबंदी, मोतियाबिंद मरीजों की पहचान कर माना अस्पताल में ऑपरेशन, किशोरी बालिका दिवस एवं सियान जतन दिवस जैसे अभियानों की जानकारी दी गई।
डॉ. सुनील साहू ने परिवार नियोजन एवं मोतियाबिंद, डॉ. राखी ने कुष्ठ रोग, आलोक पांडे ने टीबी कार्यक्रम तथा कुमार सिंह ने मलेरिया, फाइलेरिया व डेंगू से बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ जनप्रतिनिधि इकराम अहमद द्वारा टीबी मरीजों की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग पर स्वास्थ्य विभाग ने आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में महापौर नंदलाल देवांगन ने कहा कि कार्यशाला से प्राप्त जानकारी के आधार पर स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम मिलकर जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए बिरगांव को स्वस्थ व स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प लेते हैं।
कार्यक्रम के अंत में नशा मुक्ति को लेकर सभी जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक शपथ भी ली।

khojkhbarchhattisgarh hindi news