छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना पहुंची नंदन इस्पात, बीमा क्लेम पर घेरा प्रबंधन

तिल्दा-नेवरा ख़ोज ख़बर छत्तीसगढ संवाददाता
तिल्दा-नेवरा/परसदा भूरसुदा।
नंदन इस्पात कंपनी में कार्यरत मजदूर मंतराम साहू के सड़क हादसे के बाद मामला गरमा गया है। ड्यूटी से लौटते समय हुए दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मजदूर के इलाज को लेकर अब छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने मोर्चा खोल दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम नीनवा निवासी मंतराम साहू (पिता – कार्तिक साहू) पिछले एक वर्ष से नंदन इस्पात, परसदा भूरसुदा में शिफ्ट इंचार्ज फिटर के पद पर कार्यरत हैं। दिनांक 8 फरवरी 2026 (रविवार) को रात्रि लगभग 9 बजे ड्यूटी समाप्त कर कंपनी से निकले। बताया जा रहा है कि मात्र 15 मिनट बाद अज्ञात वाहन की टक्कर से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। लेकिन आर्थिक तंगी के चलते पीड़ित परिवार इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ है।
17 फरवरी को क्रान्ति सेना ने संभाला मोर्चा

परिवार ने 17/02/2026 को छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के पदाधिकारियों से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई। इसके बाद संगठन के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और कंपनी प्रबंधन से सीधी चर्चा की।
क्रान्ति सेना ने स्पष्ट किया कि WC (वर्कमैन कम्पनसेशन) पॉलिसी और ESIC पॉलिसी के तहत मजदूर को ड्यूटी से एक घंटे पहले और ड्यूटी के एक घंटे बाद तक बीमा सुरक्षा का प्रावधान है। ऐसे में दुर्घटना बीमा दायरे में आती है और इलाज का खर्च कंपनी प्रबंधन को बीमा राशि से वहन करना चाहिए।
अब नजर प्रबंधन के फैसले पर
मजदूर संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि बीमा क्लेम के तहत उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा।
मामले ने तूल पकड़ लिया है और अब सबकी निगाहें कंपनी प्रबंधन के निर्णय पर टिकी हैं।
खोज खबर छत्तीसगढ़ इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news