प्रेम प्रसंग बना कत्ल की वजह, पत्नी समेत 4 आरोपी गिरफ्तार – थार से कुचलकर रची गई थी साजिश

रायपुर (ग्रामीण), 01 मार्च 2026।
ग्राम खरोरा निवासी 27 वर्षीय किशोर सारथी की हत्या की गुत्थी को थाना खरोरा पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। इस बहुचर्चित मामले में मृतक की पत्नी सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त थार वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 125/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (भा.न्या.सं.) में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सागौन वाटिका के पास मिला था शव
28 फरवरी 2026 को प्रार्थी भागवत सारथी ने थाना खरोरा में सूचना दी कि उसके छोटे भाई किशोर सारथी का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास संदिग्ध अवस्था में सड़क किनारे पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग इंटिमेशन क्रमांक 36/2026 धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मामला कायम कर डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका सामने आई।
पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
जांच के दौरान मृतक की पत्नी से पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार पत्नी का लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप नामक युवक से पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध था।
जब इस संबंध की जानकारी किशोर सारथी को हुई, तो पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद और मारपीट होने लगी। इससे परेशान होकर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
थार से टक्कर मारकर की हत्या, हादसे का रूप देने की कोशिश
27 फरवरी 2026 की रात करीब 9 बजे पत्नी ने बहन को ग्राम बिठिया से लाने का बहाना बनाकर किशोर को घर से अकेले भेजा।
पूर्व नियोजित योजना के तहत खरोरा-रायपुर रोड पर घात लगाए बैठे लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप और उसके दो साथी थार वाहन में पहुंचे। ग्राम माठ -तिल्दाडीह रोड स्थित सागौन वाटिका के सामने मोटरसाइकिल सवार किशोर को जोरदार टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपियों ने इसे सड़क दुर्घटना साबित करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस की सख्ती से खुला राज
पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मित्तल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। सूक्ष्म जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरी साजिश का खुलासा हुआ।
मामले में षड्यंत्रपूर्वक हत्या पाए जाने पर धारा 61(2) भा.न्या.सं. जोड़ी गई है। सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में प्रयुक्त थार वाहन जब्त कर लिया गया है।
चंद घंटों में खुलासा, पुलिस की बड़ी कामयाबी
थाना खरोरा पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से एक गंभीर हत्या प्रकरण का चंद घंटों में सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है।
khojkhbarchhattisgarh hindi news